शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े की मानहानि याचिका को खारिज कर दिया है। यह याचिका आर्यन खान की नेटफ्लिक्स वेब सीरीज The Ba**ds of Bollywood के खिलाफ दायर की गई थी। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि इस मामले की सुनवाई करने का उसके पास अधिकार क्षेत्र (ज्यूरिस्डिक्शन) नहीं है। हालांकि, अदालत ने समीर वानखेड़े को सक्षम अधिकार क्षेत्र वाली अदालत में जाने की सलाह दी है।
Bar and Bench की रिपोर्ट के अनुसार, न्यायमूर्ति पुरुषेन्द्र कुमार कौरव ने फैसला सुनाते हुए कहा, “यह अदालत इस वाद की सुनवाई करने का अधिकार नहीं रखती। इसलिए वादी को यह याचिका सक्षम अदालत में दायर करने के लिए लौटाई जाती है। यदि कोई आवेदन है, तो वह भी खारिज माना जाएगा।”
साल 2021 में जब मुंबई में एक क्रूज पार्टी पर हुई ड्रग रेड के बाद आर्यन खान को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट (NDPS Act) के तहत गिरफ्तार किया था। उस वक्त समीर वानखेड़े उस समय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल डायरेक्टर थे। इस मामले में आर्यन खान को करीब 25 दिन तक मुंबई सेंट्रल जेल में रहना पड़ा। उन्हें चार बार जमानत देने से इनकार किया गया, लेकिन आखिरकार अक्टूबर 2021 में उन्हें जमानत मिल गई।
यह भी पढ़ें: ‘मैंने खुद अपने शरीर को नुकसान पहुंचाया है’, इस बीमारी के कारण ज़ाकिर खान ने कॉमेडी से लिया ब्रेक
आर्यन खान के खिलाफ समीर वानखेड़े की मानहानि याचिका क्या है?
पिछले साल सितंबर में आर्यन खान ने अपनी पहली डायरेक्टर फिल्म रिलीज की Bads of Bollywood और इसी को लेकर विवाद खड़ा हुआ। समीर वानखेड़े ने आर्यन खान के खिलाफ 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया। वानखेड़े का आरोप है कि आर्यन खान ने अपने निर्देशन में बनी वेब सीरीज Bads of Bollywood में उनके जैसे दिखने वाले एक किरदार को गलत, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक तरीके से पेश किया है, जिससे उनका मज़ाक उड़ाया गया और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
वानखेड़े का कहना है कि यह किरदार जानबूझकर उनकी निजी और पेशेवर छवि को धूमिल करने के इरादे से गढ़ा गया था। अपने बयान में उन्होंने कहा,“आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने दिल्ली हाईकोर्ट में रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (जिसके मालिक शाहरुख खान और गौरी खान हैं), ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और अन्य के खिलाफ स्थायी और अनिवार्य निषेधाज्ञा, घोषणा और हर्जाने की मांग करते हुए मानहानि याचिका दायर की है। यह याचिका रेड चिलीज द्वारा निर्मित और नेटफ्लिक्स पर प्रसारित वेब सीरीज The Ba**ds of Bollywood में दिखाए गए एक कथित झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक वीडियो से आहत होकर दायर की गई है। इस सीरीज में एंटी-ड्रग एजेंसियों को भ्रामक और नकारात्मक रूप में दिखाया गया है, जिससे कानून प्रवर्तन संस्थानों में जनता का भरोसा कमजोर होता है।”
