हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी दिलजीत दोसांझ स्टारर फिल्म ‘पंजाब 95’ का नाम बदलकर ‘सतलुज’ रखा गया और इसे चार साल बाद ओटीटी पर रिलीज किया गया था। लेकिन रिलीज के दो दिन बाद ही मूवी को जी5 से हटा दिया गया। अब इसे लेकर पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी रिएक्ट किया है। क्रिकेटर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा कि सच को दबाया नहीं जा सकता।

हरभजन सिंह ने किया पोस्ट

हरभजन सिंह ने अपने पोस्ट पर ‘सतलुज’ का एक पोस्टर शेयर किया, जिसमें देखने को मिला कि फिल्म को आईएमडीबी पर 9.7 की रेटिंग मिली हुई है। इसे शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “जलियांवाला बाग हत्याकांड इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है, जिसे अंग्रेजी हुकूमत ने अंजाम दिया था।

यह भी पढ़ें: भारत में बंद हुई दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’, 4 साल बाद हुई थी रिलीज अब सिर्फ 2 दिन में फिल्म को ओटीटी से हटाया

लेकिन जसवंत सिंह खालड़ा की कहानी देखने के बाद मेरे मन में एक अलग ही सवाल उठता है। बाहरी शासकों के अत्याचार से भी ज्यादा दर्दनाक क्या हो सकता है? जब अपने लोगों की रक्षा करने वाले ही डर की वजह बन जाएं।”

इसके आगे उन्होंने लिखा, “एक पुलिस अफसर का फर्ज बेगुनाह लोगों की जान बचाना है न कि अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करना। जसवंत सिंह खालड़ा ने गैर-कानूनी तौर पर लोगों के गायब होने और गुप्त तरीके से अंतिम संस्कार किए जाने के सबूत सामने लाकर बड़ी बहादुरी दिखाई। इससे हमें याद आता है कि सरकारी ताकत के गलत इस्तेमाल से ऐसे जख्म लग सकते हैं, जो पीढ़ियों तक बने रहते हैं।”

पंजाब की कई माताएं आज भी जवाब का इंतजार कर रही हैं और कई परिवार अब भी न्याय की आस लगाए बैठे हैं। सच को हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता। जसवंत सिंह खालड़ा की कहानी दुनिया तक पहुंचाने के लिए हनी त्रेहान और दिलजीत दोसांझ ने शानदार काम किया। खालड़ा की बहादुरी को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।”

फिल्म में नजर आए ये स्टार्स

बता दें कि फिल्म ‘सतलुज’ में दिलजीत दोसांझ के साथ अर्जुन रामपाल, कनवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यन भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन से प्रेरित है। कहानी पंजाब के उस दौर को दिखाती है, जब 1980 से 1990 तक के दशक में पंजाब में खालिस्तान आंदोलन के समय कई लोगों के गायब होने, फर्जी एनकाउंटर और बिना वजह हिरासत में लिए जाने के मामले सामने आए थे।

यह भी पढ़ें: सलीम खान के सेमी-कोमा में जाने पर टूट गए थे सोहेल खान, बोले- डॉक्टर ने कहा था, ‘शायद अब इन्हें खो दें’