फिल्म ‘हनुमान अंश’ का मशहूर भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ गाने वाले दृष्टिबाधित गायक सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू हो गया है। उनके सोशल मीडिया हैंडल पर उनके इलाज की खबर को साझा किया गया है। साथ ही उनकी तरफ से उम्मीद भी जताई गई है कि जल्द ही उनकी जिंदगी में रोशनी आएगी।
उनके इंस्टाग्राम हैंडल पर अस्पताल में चेकअप के दौरान की तस्वीरें साझा की हैं। जिनके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा है, “हे ईश्वर! आपने अब तक बहुत सहारा दिया है, हर मुश्किल में हौसला दिया है। आज मेरी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आप सभी की दुआओं और आशीर्वाद से एक नई उम्मीद जगी है। प्रभु से बस इतनी-सी प्रार्थना है कि मेरे जीवन में भी रोशनी लौट आए और मैं इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आँखों से देख सकूं।”
उन्होंने आगे लिखा, “मेरे माता-पिता का वर्षों का इंतज़ार पूरा हो, मेरे अपनों की दुआएं कबूल हों। आप सभी से निवेदन है कि मेरे लिए दिल से प्रार्थना कीजिए। आपका प्यार, आशीर्वाद और दुआएं ही मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं। हे प्रभु! अब बस एक कृपा और कर देना… मेरी आंखों की रोशनी वापस लौटा देना। जय श्री राम।”
यह भी पढ़ें: 2 करोड़ में बनी ‘हनुमान अंश’ ने कमाए 452 करोड़, प्रोड्यूसर्स के बीच राइट्स पर छिड़ा विवाद
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुई इलाज की पहल
इंस्टाग्राम पेज बुंदेली दुनिया की एक पोस्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सुनील लोधी के इलाज की पहल की गई है। पोस्ट में बताया गया कि सुनील का सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके साथ ही उनकी आंखों की विस्तृत जांच भी की गई। इसके बाद सुनील ने सागर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक भजन भी गाकर सुनाया।
यह भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश’ बनाने पर अनुप्रिया नागर के पिता थे नाखुश, एप्पल इंटरव्यू में फेल होने के बाद कहा – बेटी भटक गई
सुनील लोधी ने हाल ही में आई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गाने ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ से लोकप्रियता हासिल की। लेकिन इससे पहले उनका गाना ‘मोरे संकट के कटैया’ भी काफी मशहूर हुआ था। सुनील लोधी ने 10-11 साल की उम्र से अपना संगीत का सफर शुरू किया था। वह बुंदेलखंड और इसके आसपास के इलाकों में अपने गीतों के लिए काफी मशहूर रहे हैं।
