अगर आप आस्था, रहस्य और भावनाओं से भरी कहानियां पसंद करते हैं, तो ‘हनुमान अंश’ का ट्रेलर आपका ध्यान जरूर खींचेगा। नैनीताल में स्थित नीम करौली बाबा के आश्रम को आज किसी परिचय की जरूरत नहीं है, कई लोग उस आश्रम और नीम करौली बाबा के चमत्कारों में विश्वास करते हैं।
अब नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित एक फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है, जिसका नाम है ‘हनुमान अंश’। यह फिल्म आध्यात्मिकता को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में दिखाने का दावा करती है। फिल्म देखने के लिए आपको 31 जुलाई तक का इंतजार करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ इवेंट में हिंदी बोलते वक्त अटके यश, रकुलप्रीत और रवि दुबे की भी निकली हंसी, वायरल हुआ वीडियो
18 जुलाई को फिल्म ‘हनुमान अंश’ का ट्रेलर सामने आया, जिसे टाइम्स म्यूजिक के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया। 2 मिनट 29 सेकेंड के इस ट्रेलर की शुरूआत एक दिलचस्प सीन से होती है, जहां कोई शख्स स्टेशन हाउस ऑफिसर के घर का दरवाजा खटखटाता है। घबराया हुआ वह कहता है, “साहब भूत!” इस पर एसएचओ मजाकिया अंदाज में जवाब देता है, “सुबह-सुबह भांग पीकर आए हो क्या?” लेकिन वह शख्स फिर डरते हुए कहता है, “नहीं साहब वो इंसान नहीं, सचमुच भूत है।”
मेकर्स का दावा है कि ये फिल्म नीम करौली के जीवन से प्रेरित है। ट्रेलर में नीम करौली बाबा का किरदार निभा रहे एक्टर शोभिना सत्या को दिखाया जाता है जिन्हें ट्रेन से जबरदस्ती उतार दिया जाता है और वह कहते हैं, ‘ठीक है बेटा। हम तो बहता पानी हैं, कहीं भी रम जाएंगे। उसके बाद वही सीता राम कहते हुए आगे की ओर चल देते हैं। इसके बाद एक शानदार विजुअल्स के साथ नीम करौली बाबा के शानदार सपर को दिखाया जाता है। जिसमें उनके सांसारिक बंधनों से लेकर आध्यात्मिक संसार की पूरी कहानी को दिखाने की कोशिश की गई है।
कैसे वह धीरे-धीरे अपनी पत्नी औऱ निजी जीवन को छोड़कर अध्यात्म के रास्ते पर निकल जाते हैं और कैसे उनके साथ लाखों लोग उनके भक्तों के रूप में जुड़ने लगते हैं। इतना ही नहीं इस ट्रेलर में उनके समाधि लेने के सफर पर भी रोशनी डाली गई है। नीम करौली बाबा ने कभी खुद को भगवान नही कहा लेकिन उनके अनुयायी उन्हें चमत्कारी बाबा के नाम से भी जानते हैं। उन्हें भगवान हनुमान का अंश कहते हैं, हालांकि वह खुद को सिर्फ हनुमान भक्त मानते थे और उन्ही के ध्यान में लीन रहते थे।
इस ट्रेलर में ऐसे कई सीन्स देखने मिलते हैं जो बाबा की रहस्यमयी और चमत्कारी शक्तियों की तरफ इशारा करते हैं। ट्रेलर में साफ बताया जाता है कि ये कहानी उस शख्स की है जिसने स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, विराट कोहली, अनुष्का शर्मा समेत कई लोगों को इंस्पायर किया है।
‘हनुमान अंश’ एक आध्यात्मिक फिल्म है, जो एक संत के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में शोभिना सत्या के साथ विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। यह फिल्म 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
