फिल्म ‘हनुमान अंश’, देशभर में सनसनी बनी हुई है। नीब करौरी बाबा के जीवन और विरासत पर बनी इस बायोपिक ड्रामा का असर ऐसा है कि अब इसने सीधे तौर पर लोगों की आजीविका को प्रभावित किया है। पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर आए वीडियो में दावा किया गया है कि फिल्म देखने के बाद हजारों भक्त कैंची धाम के दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
कैंची धाम, उत्तराखंड में एक प्रसिद्ध आध्यात्मिक आश्रम और हनुमान मंदिर है, जो रहस्यमय संत नीब करौरी बाबा के साथ अपने जुड़ाव के लिए दुनियाभर में जाना जाता है।
गांधी जयंती के मौके पर श्रद्धालुओं और टूरिस्ट का जमावड़ा हिमाचल और उत्तराखंड में देखने को मिला। लॉन्ग वीकेंड पर भक्त भारी मात्रा में मनाली, मसूरी, शिमला, बद्रीनाथ और कैंची धाम पहुंचे।
इस वजह से दिल्ली से लेकर हरियाणा, उत्तरप्रदेश, पंजाब, मनाली, मसूरी और अन्य जगहों पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक देखने को मिला। इसके चलते कई लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। ऐसे में फिल्म ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर ने फैंस से स्पेशल रिक्वेस्ट की।
डायरेक्टर ने क्या कहा?
रविवार, 4 अक्टूबर की शाम को ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने अपनी फिल्म की रिलीज के बाद कैंची धाम में उमड़ी भीड़ पर ध्यान दिया। उन्होंने लोगों के साथ एक रिक्वेस्ट शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट की।
वीडियो में विशाल ने कहा, ‘कैंची धाम में बहुत भीड़ हुई है इस वक्त और बहुत सारे लोगों का ये कहना है कि वहां हनुमान अंश फिल्म देखने के बाद पहुंचे हैं। अगर ऐसा है तो भी और अगर ऐसा नहीं है तो भी हमें सभी को वहां की परिस्थिति पता करके ही वहां पर जाना चाहिए।’
उन्होंने आगे कहा कि दर्शन के लिए कई अन्य मंदिर भी हैं, जिन पर भक्त विचार कर सकते हैं। नीब करौरी गांव और वृंदावन का उदाहरण देते हुए, विशाल ने कहा कि अगर कोई कैंची धाम नहीं पहुंच पा रहा है तो ये जगहें भी अहम हैं।
उन्होंने आगे कहा, ‘आप सभी से अनुरोध है कि ऐसे समय में यदि कैंची धाम में बहुत भीड़ है और घंटों की लाइन लगी है तो आप इन स्थानों पर भी जा सकते हैं… मेरा आपसे अनुरोध है कि ऐसी स्थिति न हो पाए आपके घर में बच्चे, महिलाएं जो हैं वह वहां पर सफोकेट हो रही हैं, वह जाम में फंसी हुई हैं।’
लंबे वीकेंड से पहले ही कैंची धाम में भीड़ शुरू हो गई थी। 2 अक्टूबर को सरकारी छुट्टी थी। उसके बाद शनिवार और रविवार होने से यात्रियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी मिल गई। शुक्रवार को मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई, जिससे मसूरी-देहरादून रोड पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थीं।
हनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस पर धमाल
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की बात करें तो नीब करौरी बाबा की जिंदगी पर बनी इस पिक्चर ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। ये फिल्म अपनी रिलीज के 8 हफ्तों के बाद भी सिनेमाघरों में चल रही हैं और बढ़िया कमाई कर रही है। ‘हनुमान अंश’ ने अभी तक दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर तकरीबन 420 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसके ओटीटी पर आने का इंतजार भी किया जा रहा है।
