नीब करोरी बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ साल 2026 की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट में से एक बन गई है। मगर महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 452.86 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। हालांकि फिल्म की इस बड़ी सफलता के बीच इसकी टीम के बीच विवाद छिड़ा हुआ है।

जी हां! फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और निर्माता नम्रता जी सिंह, रागिनी सोना और अनुप्रिया नगर के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। दरअसल फिल्म की रिलीज के बाद 21 साल की उम्र में ‘हनुमान अंश’ में निवेश करने वाली अनुप्रिया नगर सबसे ज्यादा लाइमलाइट में रहीं। मगर अब फिल्म की टीम की तरफ से कहा गया है कि पब्लिक रिलेशन, मार्केटिंग, अवॉर्ड्स और पार्टनरशिप से जुड़े फैसले लेने का अधिकार केवल डॉ. विशाल चतुर्वेदी और नम्रता जी सिंह के पास होगा।

कुछ हफ्ते पहले SCREEN की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि फिल्म के प्रचार को लेकर टीम के सदस्यों के बीच लगातार मतभेद हो रहे हैं। फिल्म के निर्माताओं का मानना था कि अनुप्रिया नगर को बाकी लोगों की तुलना में ज्यादा तवज्जो मिल रही है। इन मतभेदों का असर अब फिल्म की फ्रेंचाइजी के भविष्य पर भी पड़ता दिख रहा है। अभी तक फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश’ बनाने पर अनुप्रिया नागर के पिता थे नाखुश, एप्पल इंटरव्यू में फेल होने के बाद कहा – बेटी भटक गई

जब SCREEN ने इस मामले पर टीम से संपर्क किया था, तब किसी ने भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था। हालांकि, अब नम्रता सिंह और डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म के अधिकारों और वितरण से जुड़ी जानकारी को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि कंपनी की ओर से पब्लिक रिलेशन, मार्केटिंग, अवॉर्ड्स और पार्टनरशिप का जिम्मा केवल उन्हीं के पास है।

‘हनुमान अंश’ की टीम ने जारी किया आधिकारिक बयान

सोमवार को नम्रता जी सिंह और डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने स्वाम्भु मीडिया नेटवर्क की ओर से जारी आधिकारिक बयान में खुद को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बताया। बयान की शुरुआत में कहा गया, ‘हनुमान अंश के लिए संपर्क का केवल एक अधिकृत माध्यम है।’

यह भी पढ़ें: ‘मेरे आंसू नहीं रुके’, ‘हनुमान अंश’ देखकर दिग्गज एक्ट्रेस तनुजा हुईं भावुक

बयान में आगे कहा गया, ‘हनुमान अंश फिल्म के जरिए नीब करोरी बाबा यानी महाराज जी के जीवन को पर्दे पर उतारा गया है। उन्हें कैंची धाम से लेकर सिलिकॉन वैली तक श्रद्धा के साथ याद किया जाता है और भारत, ब्रिटेन समेत दुनियाभर में उनके भक्त हैं। मीडिया और बाजार में फिल्म को लेकर चल रही कई खबरों के मद्देनजर स्वाम्भु मीडिया नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कुछ तथ्य स्पष्ट करना चाहती है। कंपनी के संज्ञान में आया है कि एक व्यक्ति फिल्म के अधिकारों से जुड़े मामलों में खुद को अधिकृत बता रहा है, जबकि किसी भी व्यक्ति को इस तरह का अधिकार नहीं दिया गया है।’

बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि फिल्म के सभी अधिकारों, जिनमें थिएटर, स्ट्रीमिंग, प्रसारण, म्यूजिक, गेमिंग और लाइसेंसिंग शामिल हैं, से जुड़े फैसले केवल निर्माताओं के बीच हुए आपसी समझौतों के तहत लिए जाएंगे। भारत और विदेशों में फिल्म के अधिकारों से जुड़े मामलों को संभालने की प्रक्रिया भी इन्हीं समझौतों के अनुसार होगी।

कंपनी ने आगे कहा कि पार्टनर्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और मीडिया के साथ योजना को लेकर भी नम्रता जी सिंह और डॉ. विशाल चतुर्वेदी के द्वारा ही फैसले लिए जाएंगे। कंपनी के हर शेयरधारक और बौद्धिक संपदा (IP) के मालिक को फिल्म या कंपनी से जुड़े किसी भी कामकाज की जानकारी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स को देनी होगी।