फिल्म निर्माता हंसल मेहता कुख्यात अपराधी विकास दुबे की जिंदगी पर आधारित एक वेब शृंखला बनाने की तैयारी में जुटे हैं। वेह इसका निर्देशन भी करेंगे। दुबे उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ पिछले महीने मुठभेड़ में मारा गया था। निर्माता शैलेश आर सिंह की कर्मा मीडिया एंड एंटरनेटमेंट ने पॉररॉइड मीडिया के साथ मिलकर कुख्यात अपराधी पर बनने वाली सीरिज के लिए अधिकार खरीदे हैं। मेहता ‘अलीगढ़’, ‘ओमर्टा’ और ‘शाहिद’ जैसी फिल्मों का निर्देशन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि वह इस विषय को जिम्मेदारी के साथ छुएंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारे समय और तंत्र को दिखाता है जिसमें राजनीति, अपराध और जनप्रतिनिधियों का एक बड़ा रोचक सा गठबंधन बनता है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगा कि इसे किस तरह से बनाया जाएगा, लेकिन इसे जिम्मेदारी के साथ और आकर्षक तरीके से बनाया जाएगा।
मुंबई ने मुझे सब कुछ दिया : सतीश कौशिक
बॉलीवुड फिल्म निर्देशक, निर्माता और अभिनेता सतीश कौशिक ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया है जिस इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मैं अभिनेता बनने के लिए 9 अगस्त, 1979 को पश्चिम एक्सप्रेस से मुंबई आया था। 10 अगस्त मुंबई मे मेरी पहली सुबह थी। मुंबई ने मुझे दोस्त दिए, काम दिया, बीवी दी, बच्चे दिए, घर दिया, प्यार दिया, संघर्ष भी रहा, सफलता भी मिली, विफलता भी हाथ लगी और खुशी से जीने का साहस दिया। नमस्कार मुंबई और उन सभी को जिन्होंने मुझे मेरे ख्वाबों से ज्यादा दिया। शुक्रिया।
ऋतिक रोशन ने नृत्य से किया धमाल
बॉलीवुड के अभिनेता ऋतिक रोशन अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपन नृत्य के लिए भी खूब पसंद किए जाते हैं। उन्होंने अपनी कई फिल्मों में अपने नृत्य से खूब धमाल मचाया है। उन्होंने अपनी ‘वॉर’ फिल्म में भी अपने नृत्य से चार चांद लगा दिए थे। हाल ही में ऋतिक रोशन का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें वह अपने ही गाने सेनोरीटा पर थिरकते नजर आ रहे हैं। ऋतिक रोशन का यह वीडियो उनके फैनपेज ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से शेयर किया है, जिसे अब तक 30 हजार से भी ज्यादा देखा जा चुका है।