फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता राजेश कुमार ने हाल ही में फिल्म, निर्देशक डेविड धवन और चर्चित ‘चुनरी चुनरी’ विवाद पर खुलकर बात की। साथ ही फिल्म के गाने पर अभिजीत भट्टाचार्य की टिप्पणी पर भी अपना रिएक्शन दिया।
एनडीटीवी से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि डेविड धवन जैसे निर्देशक के साथ काम करना हर कलाकार का सपना होता है, क्योंकि उनकी फिल्में देखकर ही कई कलाकार बड़े हुए हैं।
राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें यह फिल्म सतीश शाह की सिफारिश पर मिली थी। उन्होंने कहा कि सतीश शाह और डेविड धवन की गहरी दोस्ती थी और सतीश शाह ने हमेशा उनका समर्थन किया है। यही वजह है कि वह इस फिल्म से भावनात्मक रूप से भी जुड़े हुए हैं।
फिल्म में वरुण धवन के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए राजेश ने कहा कि वरुण बेहद अच्छे कलाकार हैं और सेट पर मौजूद पूरी टीम एक-दूसरे का सहयोग करती थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सभी कलाकार साथ काम करते रहेंगे।
यह भी पढ़ें: शोहरत के शिखर पर लिया बड़ा फैसला, 17 साल की उम्र में प्रेग्नेंट हुईं डिंपल कपाड़िया ने छोड़ दिया था करियर
हाल ही में फिल्म के गाने ‘चुनरी चुनरी’ को लेकर गायक अभिजीत भट्टाचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेश कुमार ने कहा, “कुछ बातें फिल्म रिलीज से पहले होती हैं और कुछ रिलीज के बाद। मैं अभिजीत जी का बहुत सम्मान करता हूं, लेकिन जब आप बड़े मुकाम पर पहुंच जाते हैं तो शब्दों का चयन भी उतनी ही जिम्मेदारी से करना चाहिए। हम इस इंडस्ट्री में किसी को नीचा दिखाने के लिए नहीं आए हैं।”
दरअसल, अभिजीत भट्टाचार्य ने हाल ही में कहा था कि आजकल फिल्मों में पुराने हिट गानों को रीमिक्स या रीक्रिएट कर दिया जाता है और गाने के मूल गायकों को पर्याप्त सम्मान नहीं मिलता। उन्होंने ‘चुनरी चुनरी’ के नए वर्जन को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
राजेश कुमार ने आगे कहा कि अभिजीत एक बेहतरीन कलाकार हैं और इंडस्ट्री ने उन्हें पहचान और सम्मान दिलाया है। इसलिए सभी को एक-दूसरे के योगदान का सम्मान करना चाहिए। अभिजीत भट्टाचार्य ने क्या कहा, पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
यह भी पढ़ें: ‘उन्हें वह सम्मान नहीं मिलता…’, कंगना रनौत ने नर्सिंग को बताया सेक्सुअलाइज्ड प्रोफेशन, ड्रेस को कहा ब्रिटिश लुक
शूटिंग के अनुभव को याद करते हुए अभिनेता ने बताया कि डेविड धवन कलाकारों की सुविधा का खास ध्यान रखते थे। अगर उन्हें लगता था कि कोई कलाकार थक गया है तो वे समय पर शूटिंग खत्म कर देते थे। राजेश के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग स्कॉटलैंड में हुई और वहां का मौसम व माहौल पूरी टीम के लिए काफी सहयोगी रहा।
फिल्म है जवानी तो इश्क होना है में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा राकेश बेदी, चंकी पांडे, मौनी रॉय और मनीष पॉल जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन डेविड धवन ने किया है, जबकि निर्माण रमेश तौरानी ने किया है। शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले तीन दिनों में करीब 14 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
