गुलशन कुमार के छोटे भाई दर्शन कुमार का 18 अप्रैल को दिल्ली में निधन हो गया है। उन्होंने 70 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। दर्शन कुमार के निधन की खबर सुनने के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री की कई मशहूर हस्तियों ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया।

सिंगर मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी। हालांकि, उनके निधन की वजह के बारे में अभी पता नहीं चल सका है। बता दें कि पंजाबी और रीजनल म्यूजिक को आगे बढ़ाने में दर्शन का योगदान काफी अहम माना जाता है।

यह भी पढ़ें: 26 साल में ‘शाका लाका बूम बूम’ की ‘ऋतु’ का बदला अंदाज, रंग-रूप के कारण मिले रिजेक्शन, आज हैं सफल राइटर

मीका सिंह ने दी दर्शन कुमार को श्रद्धांजलि

अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट करते हुए मीका सिंह ने लिखा, “अभी-अभी यह दिल तोड़ने वाली खबर मिली कि टी-सीरीज के मालिक दर्शन कुमार जी अपनी प्यारी यादें छोड़कर हमें अलविदा कह गए। वह सचमुच एक महान इंसान थे और हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे।

उन्होंने कई सिंगर्स को लॉन्च किया, उनका साथ दिया और अनगिनत टैलेंट्स को मौके दिया। माता रानी उनकी आत्मा को शांति दें और उन्हें मोक्ष प्रदान करें। उनकी आत्मा को शांति मिले, ओम शांति।”

लाइमलाइट से दूर रहे दर्शन कुमार

दर्शन कुमार ने टी-सीरीज के विकास में अहम भूमिका निभाई। टी-सीरीज की स्थापना 1983 में गुलशन कुमार ने की थी। इन वर्षों में यह कंपनी भारत के सबसे बड़े म्यूजिक लेबल्स में से एक बन गई और इसने फिल्म प्रोडक्शन इंडस्ट्री में भी विस्तार किया। 1997 में जीतेश्वर महादेव मंदिर के बाहर गुलशन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

इसके बाद इस कारोबार की देखरेख गुलशन कुमार के बेटे चेयरमैन भूषण कुमार और भाई कृष्ण कुमार साथ मिलकर कर रहे हैं। वहीं, दर्शन कुमार ने पहले इसमें एक वरिष्ठ पद पर काम किया था। हालांकि, वे ज्यादातर लाइमलाइट से दूर ही रहे। इसी वजह से उनके बारे में ज्यादा जानकारी पब्लिक में मौजूद नहीं है। गुलशन कुमार, दर्शन कुमार, कृष्ण कुमार और गोपाल कुमार सभी ने अलग-अलग तरीके से फैमिली विरासत को आगे बढ़ाया।

यह भी पढ़ें: 40 की उम्र में दूसरी बार मां बनेंगी दीपिका पादुकोण, बेटी दुआ के साथ फोटो शेयर कर दी खुशखबरी