बॉलीवुड में कुछ सितारे ऐसे भी रहे हैं, जिन्होंने कभी सुपरस्टार बनने की कोशिश नहीं की, बल्कि उनके काम ने ही उन्हें सितारा बना दिया। राजेश खन्ना और धर्मेंद्र भी ऐसे ही कलाकार थे। अब गोविंदा ने भी एक इंटरव्यू में बात करते हुए दोनों को याद किया और बताया कि उन्होंने अपनी इमेज बनाने के पीछे भागने के बजाय अपने काम को अहमियत दी। साथ ही एक्टर ने राजेश खन्ना से जुड़ी अपनी एक खास मुलाकात और उस दौर की यादें भी शेयर की हैं।
क्या बोले गोविंदा?
न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा, “धर्म जी और राजेश खन्ना जी थे। उन्होंने अपने काम को बहुत अच्छे से प्लान किया और उसे सही तरीके से किया, इसलिए वे इतने बड़े स्टार बने। उन्होंने कभी जानबूझकर अपनी इमेज बनाने की कोशिश नहीं की। वे सिर्फ अपने काम पर ध्यान देते थे। उनके काम ने ही उनकी इमेज बना दी।
यह भी पढ़ें: ‘जो पत्नी को इज्जत नहीं देता, वो किसी और को क्या…’, निरहुआ-आम्रपाली पर काजल राघवानी का बड़ा बयान
‘स्वर्ग’ के सेट पर हुई राजेश खन्ना से पहली मुलाकात
गोविंदा ने बताया कि राजेश खन्ना से उनकी पहली मुलाकात निर्देशक डेविड धवन की फिल्म ‘स्वर्ग’ (1990) के सेट पर हुई थी, जो साल 1990 में रिलीज हुई। इस फिल्म में दोनों ने साथ काम किया था। गोविंदा ने याद किया कि उस दौरान राजेश खन्ना ने उनसे पूछा था, “गोविंदा, तुम वहां क्यों नहीं हो, जहां तुम्हें होना चाहिए।”
उस समय गोविंदा ने दिग्गज अभिनेता को जवाब देते हुए कहा था कि हर इंसान की कहानी किस्मत पहले ही तय करती है। गोविंदा ने राजेश खन्ना से कहा, “काका, भगवान ने सब कुछ पहले से तय कर रखा है। उन्हें हर पेड़ की ऊंचाई और उसकी सीमा का पता है और उन्हें यह भी पता है कि कौन सा पेड़ कहां लगाया जाना चाहिए। हम सब इस खूबसूरत बगीचे का हिस्सा हैं।” जब सुपरस्टार ने यंग एक्टर से पूछा कि क्या वह जो कुछ भी उन्हें मिला है, उससे खुश हैं। तो गोविंदा ने जवाब दिया, “हां।”
गोविंदा का वर्क फ्रंट
गोविंदा के वर्क फ्रंट की बात करें, तो वह आखिरी बार डायरेक्टर सिकंदर भारती की फिल्म ‘रंगीला राजा’ में दिखाई दिए थे, जो साल 2019 में रिलीज हुई। उनकी यह फिल्म क्रिटिक्स और बॉक्स ऑफिस दोनों ही मामलों में बुरी तरह फ्लॉप रही थी। अब वह फिल्म ‘रूपा’ से वापसी की तैयारी कर रहे हैं। इस फिल्म में वे कोमल रानी स्वर्णकार के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
यह भी पढ़ें: कौन हैं बीएस धनोआ, ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में जिमी शेरगिल ने निभाया जिस अफसर का किरदार
