गोविंदा के भांजे विनय आर आनंद इन दिनों चर्चा में हैं। भोजपुरी सिनेमा में लंबे समय से सक्रिय विनय ने हाल ही में एकता कपूर की वेब सीरीज ‘एसीपी विक्रांत’ के जरिए करीब 19 साल बाद हिंदी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में वापसी की है। इसी बीच उन्होंने अपने मामा गोविंदा और मामी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही अफवाहों पर खुलकर बात की है।

विनय आनंद ने बताया कि हाल ही में उनकी गोविंदा से मुलाकात हुई थी। उनका कहना है कि वो मामी सुनीता आहूजा से भी कभी-कभी फोन पर बात करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि गोविंदा का अपने से छोटी एक्ट्रेस के साथ अफेयर की खबरों पर भी उन्होंने मामा से बात की थी और उन्होंने विनय से कहा था कि ऐसा कुछ नहीं है।

गोविंदा और सुनीता के रिश्ते पर बात करते हुए विनय ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर अपने मामा से बातचीत की थी। विनय के मुताबिक गोविंदा ने उनसे कहा, “बेटा, ये एक कठिन दौर है।” विनय ने आगे कहा कि वह दुआ करते हैं कि यह समय जल्द गुजर जाए, क्योंकि जीवनसाथी से अलग होने का दर्द बेहद गहरा होता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई रिश्ता अब तक टिका हुआ है, तो शायद ऊपरवाले की यही मर्जी है कि वह न टूटे।

यह भी पढ़ें: ‘63 साल के हो गए हो…’ सुनीता आहूजा का गोविंदा पर तीखा वार, बच्चों के भविष्य पर ध्यान देने की दी नसीहत

सुनीता आहूजा ने कई इंटरव्यू में इस बात की ओर इशारा किया कि गोविंदा का शायद अफेयर चल रहा है। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए विनय ने कहा कि उन्होंने गोविंदा से सीधे इस बारे में सवाल किया था, जिस पर अभिनेता ने साफ इनकार किया। हालांकि विनय ने यह भी कहा कि उनकी मामी गलत नहीं हैं, लेकिन उन्होंने जरूर कुछ महसूस किया होगा जो उन्होंने इतनी बड़ी बात कही। विनय ने कहा कि उसके पीछे जरूर कोई वजह रही होगी।

यह भी पढ़ें: ‘लंबे समय से साजिश चल रही है’, अफेयर की खबरों पर गोविंदा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- क्या मैं 4-5 शादियां…

विनय आनंद का मानना है कि इस स्थिति को सिर्फ गोविंदा ही संभाल सकते हैं और वही सुनीता को भरोसा दिला सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों के बीच सब कुछ ठीक हो जाएगा और यह मुश्किल दौर जल्द खत्म होगा। विनय की यह प्रतिक्रिया न सिर्फ पारिवारिक समझदारी को दिखाती है, बल्कि यह भी बताती है कि वह इस संवेदनशील मामले में किसी एक पक्ष का खुला समर्थन करने के बजाय रिश्ते को बचाने की कामना कर रहे हैं।