‘भागम भाग 2’ को लेकर फैंस का इंतजार खत्म होने वाला है, फिल्म की आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो गई है कि इसपर काम शुरू हो चुका है। लेकिन इस बार एक बड़ा ट्विस्ट है। सीक्वल में लीड रोल अक्षय कुमार और गोविंदा नहीं, बल्कि अक्षय कुमार और मनोज बाजपेयी निभाएंगे। जी हां! मनोज बाजपेयी ने गोविंदा की जगह ली है। इस खबर की पुष्टि परेश रावल ने की है, जो खुद भी इस फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं और इस बार डबल रोल में नजर आएंगे।
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में नए कास्टिंग को लेकर परेश रावल ने कहा, “यह एक अलग और यूनिक कॉम्बिनेशन होगा।” उन्होंने आगे कहा, “हालांकि, हमें गोविंदा की कमी जरूर खलेगी।” जब उनसे पूछा गया कि गोविंदा इस सीक्वल का हिस्सा क्यों नहीं हैं, तो परेश ने साफ कहा, “मुझे सच में इसकी कोई जानकारी नहीं है।”
इसी इंटरव्यू में परेश रावल ने खुलासा किया कि वह फिल्म में डबल रोल निभा रहे हैं। अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, “मैं बहुत एक्साइटेड हूं। मजा आएगा, धमाल होगा!” दो दशक से ज्यादा समय बाद परेश रावल डबल रोल में नजर आएंगे। इससे पहले वह 2002 की फिल्म ‘चोर मचाए शोर’ में डबल रोल में दिखे थे। बाद में 2008 में ‘ओए लकी! लकी ओए!’ में उन्होंने ट्रिपल रोल भी निभाया था।
यह भी पढे़ं: ‘बाबूराव के बिना फिल्म फ्लॉप है’, 25 करोड़ के विवाद के बीच परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर कही ये बात
‘भागम भाग 2’, 2006 में रिलीज हुई प्रियदर्शन निर्देशित कॉमेडी ‘भागम भाग’ का सीक्वल है, जिसमें अक्षय कुमार, गोविंदा और परेश रावल मुख्य भूमिकाओं में थे। पहले ऐसी खबरें थीं कि अक्षय खन्ना फिल्म की कास्ट का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, यह अटकलें सच साबित नहीं हुईं और फिल्म से जुड़े किसी भी व्यक्ति ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की।
सीक्वल का निर्देशन ‘ड्रीम गर्ल’ फेम राज शांडिल्या करेंगे। साथ ही, एक्ट्रेस मीनाक्षी चौधरी भी इस फिल्म के साथ हिंदी फिल्मों में डेब्यू करने वाली हैं। फिल्म की शूटिंग इस साल शुरू हो चुकी है और इसे अगले साल रिलीज किए जाने की तैयारी है।
