मुंबई में आयोजित Mrs India Queen Pehchan Meri Season 4 के ग्रैंड फिनाले में अभिनेता गोविंदा मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। इवेंट खत्म होने के बाद बाहर निकलते समय उनके आसपास भारी भीड़ और मीडिया मौजूद थी। इसी दौरान एक पत्रकार और गोविंदा की सिक्योरिटी टीम के बीच बहस हो गई, जिसने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
बताया गया कि एक रिपोर्टर गोविंदा से बाइट लेने की कोशिश कर रहा था, तभी सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसर्स ने उसे और उसके कैमरापर्सन को पीछे हटाने की कोशिश की। धक्का-मुक्की के दौरान पत्रकार नाराज़ हो गया और उसने विरोध जताते हुए कहा, ‘आप कैसे कर रहे हैं? हाथ क्यों लगा रहे हैं?’ मामला बढ़ता देख गोविंदा खुद बीच में आए और स्थिति को संभालने लगे।
वीडियो में गोविंदा अपने सिक्योरिटी गार्ड से कहते नजर आए, ‘ये मेरा दोस्त है,’ ताकि माहौल शांत हो सके। इसके बाद उन्होंने मीडिया कर्मी से माफी भी मांगी। गोविंदा के इस व्यवहार की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हुई। कई लोगों ने उन्हें शांत और विनम्र बताया, जबकि कुछ फैंस ने लिखा कि आजकल सितारों के बीच ऐसा व्यवहार कम देखने को मिलता है।
घटना के बाद संबंधित मीडिया कर्मी ने भी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना था कि सिक्योरिटी गार्ड्स कई बार जरूरत से ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया अपना काम करने आती है और बिना वजह धक्का देना सही नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि गोविंदा ने स्थिति संभालने की पूरी कोशिश की और उन्हें शांत कराया। मीडिया कर्मी ने यह भी कहा कि आजकल सोशल मीडिया पर विवाद और नकारात्मक वीडियो ज्यादा वायरल होते हैं, इसलिए ऐसी घटनाओं को लोग बढ़ा-चढ़ाकर भी देखते हैं।
नहर में मिला पंजाबी सिंगर इंदर कौर का शव, परिवार बोला-अपहरण के बाद हुई हत्या
यह पहली बार नहीं है जब किसी अभिनेता की सिक्योरिटी और पपराज़ी के बीच टकराव हुआ हो। इससे पहले अनन्या पांडे के साथ भी ऐसा मामला सामने आया था, जब उनकी कार के सामने फोटो लेने पहुंचे एक फोटोग्राफर को बाउंसर ने जोर से धक्का दे दिया था। वहीं 2017 में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के बाहर भी पपराज़ी और बाउंसर्स के बीच झड़प हुई थी, जिसमें कुछ फोटो जर्नलिस्ट घायल हो गए थे।
गोविंदा वाले इस मामले में खास बात यह रही कि अभिनेता ने खुद हस्तक्षेप कर माहौल शांत किया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, जिसकी वजह से सोशल मीडिया पर उनकी छवि को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
