साल 1998 में सलमान खान पर राजस्थान के जोधपुर के पास कांकाणी गांव में दो काले हिरण को शिकार करने का आरोप लगा था। इस घटना के बाद बिश्नोई समाज के लोगों ने सलमान खान और उनके ‘हम साथ साथ हैं’ के सह-कलाकार सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे, नीलम और तब्बू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अब निर्माता अमित जानी ने इस विवादित मामले पर ‘काला हिरण’ नाम की फिल्म बनाई है।
इसमें वरिष्ठ अभिनेता गोविंद नामदेव नजर आएंगे। हालांकि, गोविंद नामदेव का कहना है कि उन्हें फिल्म की असली कहानी और उद्देश्य के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई थी। उनका दावा है कि फिल्म की वास्तविक मंशा उनसे छिपाकर रखी गई और उन्हें यह नहीं बताया गया कि यह फिल्म किस विवादित घटना पर आधारित है।
‘काला हिरण’ का पहला आया सामने
मेकर्स ने 12 जून को ‘काला हिरण’ का पहला लुक वीडियो जारी किया, जिसमें देखने को मिला कि अभिनेता काशिफ इकबाल खान एक ऐसे किरदार में दिख रहे हैं, जो सलमान खान जैसा लगता है। उन्होंने काली टी-शर्ट और सलमान जैसा ब्रेसलेट भी पहना है। फिल्म में इस किरदार को नेगेटिव दिखाया गया है, जबकि गोविंद नामदेव को बिश्नोई समुदाय की तरफ से न्याय की मांग करने वाले वकील के तौर पर दिखाया गया है।
टीजर पर प्रतिक्रिया देते हुए नामदेव ने खुद को ‘काला हिरण’ मामले से अलग कर लिया और कहा कि उन्हें गुमराह किया गया था। एक्टर ने कहा, “मैं सलमान खान के खिलाफ कभी कोई फिल्म नहीं करूंगा।” अमर उजाला से बात करते हुए गोविंद ने आगे बताया, “जैसे ही मैंने ट्रेलर देखा मैं बुरी तरह हिल गया। मुझे तुरंत समझ आ गया कि यह प्रोजेक्ट उस चीज से बिल्कुल अलग है, जिसके लिए मैंने शूटिंग की थी।
हमें कभी नहीं बताया गया था कि सलमान खान जैसा दिखने वाला कोई किरदार बनाया जाएगा और उसे इस तरह दिखाया जाएगा। ट्रेलर देखते ही मुझे लगा कि मुझे अंधेरे में रखा गया और मेरा इस्तेमाल किया गया। मुझे जो बताया गया था और जो असल में बनाया गया है, उसमें जमीन-आसमान का फर्क है।”
क्या बोले गोविंद नामदेव
उन्होंने आगे कहा कि शुरू में यह प्रोजेक्ट उन्हें एक अलग नाम से दिखाया गया था। उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया था कि हम ‘संभाल’ नाम की फिल्म बना रहे हैं। उस समय मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि कहानी बाद में बिल्कुल अलग दिशा में चली जाएगी।” फिर इस प्रोजेक्ट में अपनी भूमिका के बारे में बताते हुए गोविंद ने कहा कि उन्होंने सिर्फ कोर्टरूम के सीन करने के लिए हामी भरी थी।
उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया था कि कोर्टरूम का एक लंबा सीन है और मुझे बस वही करना था। यह भी कहा गया था कि हमारी तरफ से कुछ भी नया नहीं जोड़ा जा रहा है और हम बस वही दिखा रहे हैं जो कोर्ट में हुआ था। मुझे लगा कि जो तथ्य पहले से रिकॉर्ड में हैं, उन्हें दिखाने में कोई बुराई नहीं है, इसलिए मैंने इसका हिस्सा बनने के लिए हामी भरी।”
नामदेव ने सलमान खान से जुड़े बिश्नोई गैंग विवाद पर भी अपनी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा, “मैं किसी भी बिश्नोई गैंग को अपना आदर्श नहीं मान सकता। मैं ऐसी चीज के बारे में सोच भी नहीं सकता। मुझे लगा था कि मैं सिर्फ कोर्टरूम वाला हिस्सा कर रहा हूं। हालांकि, अब जो बातें सामने आई हैं, उनसे मुझे भी असहजता महसूस हो रही है।”
