पंजाबी सिनेमा के सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में गिप्पी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया और बताया कि एक समय ऐसा भी था जब उन्हें कनाडा में सिक्योरिटी गार्ड और क्लीनर की नौकरी करनी पड़ी थी।
भारती टीवी से बातचीत में गिप्पी ने बताया कि वह एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। अपना पहला म्यूजिक एल्बम बनाने के लिए उन्हें उधार लेना पड़ा था, लेकिन वह एल्बम फ्लॉप हो गया। इसके बाद उनका दूसरा एल्बम भी कोई खास कमाल नहीं दिखा पाया। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरा एल्बम रिलीज करने का फैसला किया।
गिप्पी ने बताया कि तब तक उनकी शादी हो चुकी थी और वह अपनी पत्नी रवनीत कौर के साथ कनाडा जा चुके थे। वहां दोनों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था और घर चलाने के लिए अलग-अलग नौकरियां करनी पड़ती थीं।
उन्होंने कहा, “कहते हैं कि शादी के बाद किस्मत बदल जाती है। मेरे तीसरे एल्बम का एक गाना लोगों तक पहुंचा और वह हिट हो गया। वही मेरा पहला सुपरहिट गाना था। हर शादी और समारोह में वह बजने लगा। उस एक गाने ने मेरी जिंदगी बदल दी।”
यह भी पढ़ें: ‘दवा का स्प्रे कर खत्म…’ कॉकरोच जनता पार्टी पर बयान देने वाले रैपर की भी होगी Bigg Boss 20 में एंट्री?
गिप्पी ग्रेवाल ने बताया कि उनका हिट गाना ‘फुलकारी’ कनाडा में भी खूब लोकप्रिय हो गया था और हर जगह बजता था। हालांकि, लोगों को यह नहीं पता था कि इस गाने को गाने वाले वही हैं। गाने की सफलता के बावजूद उन्हें अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए नौकरी करनी पड़ती थी।
गिप्पी ने कहा, “उस समय मैं सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। मेरा गाना हिट हो चुका था, लेकिन उससे इतनी कमाई नहीं हो रही थी कि परिवार का खर्च चल सके। मुझे पता था कि जब तक एक कलाकार या गायक के तौर पर अच्छी आय नहीं होने लगती, तब तक बिल भरने और परिवार चलाने के लिए काम करना जरूरी है।”
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रवनीत कौर भी उस समय दो-दो नौकरियां करती थीं। गिप्पी ने कहा, “वह सुबह 6 बजे सबवे में काम करने जाती थीं और शाम 4 बजे तक वहां काम करती थीं। इसके बाद वह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी भी करती थीं। उसी जगह मुझे भी नौकरी मिली थी।”
गिप्पी ने अपनी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें रातभर एक बंद फैक्ट्री के बाहर बैठना पड़ता था। हर दो घंटे में फैक्ट्री का चक्कर लगाकर फोन करना होता था और कहना पड़ता था, ‘सब सही है और सुरक्षित है’। उन्होंने हंसते हुए कहा कि उस एक लाइन को याद करने में ही उन्हें दो दिन लग गए थे, क्योंकि उस समय उनकी अंग्रेजी काफी कमजोर थी।
गिप्पी ने आगे बताया कि उन्होंने उस दौर में कई छोटे-बड़े काम किए। वह रात 4 बजे तक गार्ड की ड्यूटी करते थे, फिर अपनी पत्नी के साथ दो घंटे तक अखबार बांटने का काम करते थे। इसके अलावा दोनों को एक मॉल में सफाई का काम भी मिला था। उनकी पत्नी फूड कोर्ट में ट्रे साफ करती थीं, जबकि गिप्पी झाड़ू लगाने का काम करते थे।
13 डॉलर के लिए किए टॉयलेट साफ
उन्होंने कहा, “मुझे हर तरह का काम करना पड़ा। यहां तक कि टॉयलेट भी साफ करने पड़े।” गिप्पी के मुताबिक, भारत में लोगों को यह सब असाधारण लग सकता है, लेकिन उनके लिए यह एक बेहतर जिंदगी और आर्थिक स्थिरता हासिल करने का जरिया था। उन्होंने बताया कि दूसरी नौकरियों में उन्हें 8 डॉलर प्रति घंटे मिलते थे, जबकि मॉल में सफाई के काम के लिए करीब 13 डॉलर मिलते थे।
उन्होंने कहा, “अखबार बांटने का काम हम दोनों साथ करते थे। हम इसे अपने साथ बिताए गए समय की तरह देखते थे। काम करते-करते बातें करते रहते थे और दो घंटे कब गुजर जाते थे, पता ही नहीं चलता था।”
यह भी पढ़ें: CID के हवाले किया गया बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत का मामला, जांच तेज
आज 120-150 करोड़ के बीच है उनकी संपत्ति
जीक्यू इंडिया पर छपी खबर के मुताबिक गिप्पी ग्रेवाल 147 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। वहीं पीटीसी पर छपी खबर के मुताबिक 2026 में गिप्पी की संपत्ति 120 से 150 करोड़ के लगभग आंकी गई है।
गिप्पी की कमाई का मुख्य स्रोत सिर्फ गायकी नहीं है। उन्होंने म्यूजिक एल्बम, फिल्मों में अभिनय, निर्देशन, फिल्म निर्माण, ब्रांड एंडोर्समेंट और लाइव शो के जरिए अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यही वजह है कि एक साधारण गायक के तौर पर शुरुआत करने वाले गिप्पी आज एक सफल एंटरटेनमेंट एंटरप्रेन्योर बन चुके हैं।
