एक्टर और गायक गिप्पी ग्रेवाल का कहना है कि फिल्मों में ज्यादातर सिख किरदारों को मूर्ख और कॉमिक अदाज में दिखाया जाता है, जोकि गलत है। एक्टर की अपकमिंग बॉलीवुड फिल्म लखनऊ सेंट्रल है और वहीं हाल ही में उनकी पंजाबी फिल्म ‘मंजे बिस्तरे’ रिलीज हुई है। फरहान अख्तर और डायना पेंटी स्टारर लखनऊ सेंट्रल में गिप्पी एक सरदार की भूमिका में हैं। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा- मुझे लगता है कि बॉलीवुड फिल्मों में सरदारजी के किरदार को कई बार गलत तरीके से पेश किया गया है। लोगों ने सरदार के किरदार का मजाक बनाया है। मुझे लगता है कि यह हमारे समुदाय, हमारी संस्कृति और देश में हमारे योगदान की जानकारी और ज्ञान की कमी के कारण ऐसा हो रहा है।
अंग्रेजी बीट जैसे गानों के लिए पहचाने जाने वाले गिप्पी ने यो यो हनी सिंह, बादशाह और दिलजीत दोसांज के साथ मिलकर कई गानों को अपनी आवाज दी है। उनका कहना है कि वे भाइयों की तरह हैं। वे दूसरों से कॉम्पिटिशन कर सकते हैं लेकिन एक-दूसरे से नहीं। गिप्पी ग्रेवाल ने बताया कि उन्होंने फिल्म लखनऊ सेंट्रल में कुछ ऐसे सीन करने को कहा जिससे की वह पंजाबी दर्शकों के बीच एक इमोशनल कनेक्शन बना पाएं। गिप्पी ने कहा कि मेरा मानना है कि सिर पर पगड़ी पहनने और हिन्दी की बजाय पंजाबी भाषा बोलने से कोई पंजाबी नहीं बन जाता है। पंजाबियों जैसा दिल होना चाहिए।
https://www.instagram.com/p/BTl_ONyDLUn/
गिप्पी का जन्म लुधियाना में हुआ है। वह कई मशहूर पंजाबी सिंगर्स को सुनकर बढ़े हुए हैं। गिप्पी को फुल्कारी गीत से पहचान मिली थी। इसके अलावा गिप्पी ने मिर्जा: द अनटोल्ड स्टोरी और जट जेम्स बॉन्ड जैसी फिल्मों में एक्टिंग भी की है। वहीं फरहान इस फिल्म में अपनी भूमिका के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। फरहान फिल्म में एक महत्वाकांक्षी भोजपुरी गायक का किरदार निभा रहे हैं। इसके साथ ही वह फिल्म में मनोज तिवारी के प्रशंसक भी हैं।
https://www.instagram.com/p/BTQ04csD2wb/
यही वजह है कि उन्होंने भोजपुरी सिनेमा को बेहतर तरीके से समझने के लिए 20 भोजपुरी फिल्में देख डाली। फिल्म में भोजपुरी अभिनेता रवि किशन और मनोज तिवारी की विशेष भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फरहान अख्तर अब जल्द ही फिल्म “द फकीर ऑफ वेनिस” में भी नजर आएंगे। इस फिल्म में वह अन्नू कपूर के साथ लीड रोल में होंगे। फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर किया जा चुका है।

