सिंगर मीका सिंह अपनी शानदार लाइफस्टाइल और लग्जरी प्रॉपर्टीज के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। कुछ समय पहले उनका दिल्ली के पास फैला 100 एकड़ का आलीशान फार्महाउस सुर्खियों में आया था, जब फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान वहां पहुंची थीं। मगर वो उनकी इकलौती संपत्ति नहीं थी, मीका सिंह देशभर में करीब 99 प्रॉपर्टीज के मालिक बताए जाते हैं।

उनका सबसे खास आशियाना मुंबई में स्थित एक आलीशान अपार्टमेंट है, जिसे मशहूर इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान ने डिजाइन किया है। करीब 50 करोड़ रुपये की कीमत वाले इस लग्जरी घर में ग्रे टोन की एलिगेंट थीम है। हरे रंग के सोफे और कुर्सियां, सफेद मार्बल की टेबल, बेज रंग की सीटिंग और पीले रंग की आकर्षक कुर्सी घर के इंटीरियर को बेहद स्टाइलिश और रॉयल लुक देती हैं।

99 घर के मालिक हैं मीका सिंह

हाल ही में पिंकविला को दिए इंटरव्यू में मीका सिंह ने अपनी सफलता के सफर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने कभी 99 प्रॉपर्टीज के मालिक बनने का सपना नहीं देखा था। उनके अनुसार, उनका असली सपना सिर्फ एक सफल गायक बनने का था।

मीका सिंह का घर  (Photo: Pinkvilla/YouTube)

मीका ने बताया कि उनकी पहली कमाई महज 75 रुपये थी। उस समय वह केवल 13 साल के थे, लेकिन इतनी छोटी रकम मिलने का उन्हें कभी अफसोस नहीं हुआ। वह लगातार जागरणों में परफॉर्म करते रहे और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाते गए।

यह भी पढ़ें: ‘पीछे छिपना बंद करो…’, 370 बिरयानी विवाद के बीच प्रणित मोरे की माफी पर कुणाल कामरा ने कसा तंज, कॉमेडियन को दी ये नसीहत

भाई को दिया सफलता का श्रेय

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय बड़े भाई और मशहूर गायक दलेर मेहंदी को भी दिया। मीका के मुताबिक, दलेर ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया और उनसे उन्होंने बहुत कुछ सीखा। इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि हुनर और मेहनत के दम पर बड़ी से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।


मीका सिंह का घर  (Photo: Pinkvilla/YouTube)

मीका सिंह ने अपने इस आलीशान घर के पीछे की दिलचस्प कहानी भी साझा की। उन्होंने बताया कि 2012 में उन्होंने यह प्रॉपर्टी खरीदी थी। उससे पहले वह अंधेरी वेस्ट के शास्त्री नगर में रहते थे और वहां काफी खुश थे। इसी दौरान किसी ने उन्हें एक नई और शानदार बिल्डिंग के बारे में बताया। घर देखने पहुंचे मीका को वह इतनी पसंद आई कि उन्होंने उसी बिल्डिंग में एक-दो नहीं, बल्कि छह फ्लैट खरीद लिए।

यह भी पढ़ें: ‘जमीन धोखा नहीं देती’, दो-चार नहीं बल्कि 99 घरों के मालिक हैं मीका सिंह, नेटवर्थ जानकर रह जाएंगे हैरान

हालांकि, बिल्डिंग का निर्माण पूरा होने में करीब छह साल लग गए और उन्हें 2018 में इन फ्लैट्स का कब्जा मिला। इसके बाद मीका ने इन सभी फ्लैट्स को मिलाकर अपना ड्रीम होम तैयार करने का फैसला किया।

मीका सिंह का घर  (Photo: Pinkvilla/YouTube)

उन्होंने बताया कि बाद में उनकी मुलाकात अभिनेता शाहरुख खान से हुई, जिन्हें वह अपना करीबी दोस्त और बड़े भाई जैसा मानते हैं। मीका ने उनसे अनुरोध किया कि वह गौरी खान से उनका घर डिजाइन करवाने में मदद करें। शुरुआत में शाहरुख ने मजाक में कहा कि यह काफी महंगा पड़ेगा, लेकिन मीका अपनी बात पर अड़े रहे। आखिरकार गौरी खान ने यह प्रोजेक्ट स्वीकार किया और एक शर्त रखी-उनके डिजाइन से जुड़े किसी फैसले पर सवाल नहीं उठाया जाएगा। करीब दो साल की मेहनत के बाद यह लग्जरी घर पूरी तरह तैयार हुआ।

घर का टूर कराते हुए मीका सिंह ने बताया कि उनके इस आलीशान आशियाने में कुल पांच बेडरूम हैं। उन्होंने एक खूबसूरत कमरे की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह उनका जूनियर सुइट है, जहां खास मेहमानों को ठहराया जाता है। दिलचस्प बात यह है कि यह जगह पहले आठ बेडरूम वाले फ्लैट का हिस्सा थी, लेकिन इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान ने इसे नए सिरे से डिजाइन कर पांच बड़े और शानदार बेडरूम में बदल दिया।

मीका सिंह का घर  (Photo: Pinkvilla/YouTube)

मीका के मुताबिक, घर में परिवार और मेहमानों के लिए अलग-अलग कमरे हैं और इतनी जगह है कि एक साथ 40 लोग आराम से बैठकर बातचीत कर सकते हैं। घर में एक विशाल किचन, खूबसूरत बालकनी और शानदार लिविंग एरिया भी मौजूद है, जहां से शहर का बेहतरीन नजारा दिखाई देता है।

सिंगर ने अपने घर के मंदिर की भी झलक दिखाई, जिसमें भगवान गणेश, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित हैं। मीका ने बताया कि उनकी हर प्रॉपर्टी में भगवान गणेश की मूर्ति जरूर होती है।


मीका सिंह का घर  (Photo: Pinkvilla/YouTube)

घर के इंटीरियर में सफेद, हरे, बेज, पीले और ऑफ-व्हाइट रंगों का शानदार मेल देखने को मिलता है। वहीं एक खास कोना परिवार और करीबी लोगों की तस्वीरों के लिए समर्पित है, जिसमें उनके बड़े भाई और मशहूर गायक दलेर मेहंदी की तस्वीरें भी शामिल हैं।

अपनी प्रॉपर्टीज और निवेश को लेकर मीका का मानना है कि कमाई को सिर्फ दिखावे पर खर्च करने के बजाय सही जगह निवेश करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग उनके 100 एकड़ के फार्महाउस की चर्चा तो करते हैं, लेकिन यह नहीं देखते कि यह एक बड़ा निवेश है, जिससे करीब 150 लोगों को रोजगार भी मिलता है।

एक यूट्यूब वीडियो में कंटेंट क्रिएटर बिलाल सैयद ने भी खुलासा किया था कि मीका का यह घर किसी आम फ्लैट जैसा नहीं, बल्कि पूरी मंजिल पर फैला हुआ है। बताया जाता है कि यह आलीशान निवास करीब 50 करोड़ रुपये का है, जबकि उनका म्यूजिक स्टूडियो उसी बिल्डिंग की छठी मंजिल पर स्थित है।