फराह खान हाल ही में अपने कुक दिलीप के साथ फेमस यूट्यूबर ‘फ्लाइंग बीस्ट’ गौरव तनेजा के फार्महाउस पहुंचीं। इसका एक व्लॉग उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया, जिसमें कोरियोग्राफर ने गौरव के 10 एकड़ में फैले फार्महाउस के अंदर की झलक सभी को दिखाई। सबसे पहले फराह उनके परिवार से मिली। फिर गौरव ने बताया कि उन्होंने यह फार्महाउस साल 2024 में 10 करोड़ रुपये में खरीदा था।

व्लॉग की शुरुआत में फराह और दिलीप फार्महाउस के आस-पास घूमते हुए दिखे। थोड़ी देर में गौरव उन्हें वहां बने लिविंग रूम में ले गए, जिसकी दीवारें गोबर से पुती हुई थीं। उनका यह लिविंग रूम देखने में भले ही गांव के कमरे जैसा लुक दिख रहा था, लेकिन उसके अंदर बेहद ही लग्जरी फर्नीचर लगा हुआ था।

यह भी पढ़ें: दिशा वकानी के पिता का निधन, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में निभाया था ‘चंपकलाल’ के दोस्त का किरदार

इस सेटअप को देखकर फराह हैरान रह गईं और उन्होंने गौरव से कहा कि तुमने यहां एकदम असली गांव जैसा माहौल बना दिया है। गोबर से पुती हुई होने के बाद भी यहां कोई बदबू नहीं आ रही। इसके बाद गौरव ने मजाक करते हुए कहा कि हमें यहां गोबर मुफ्त में मिल जाता है। मुझे तो इसकी महक अच्छी लगती है।

(Image Source: Farah Youtube)

बातें करने के बाद यूट्यूबर ने फराह को अपने पूरे फार्म दिखाया। सबसे पहले उन्होंने वहां लगे आम के पेड़ दिखाए, जिन्हें उन्होंने खुद लगाया था। फिर वह कोरियोग्राफर को फार्महाउस में बनी गौशाला में ले गए। इस दौरान गौरव ने बताया कि उन गायों को वह तब लाए थे जब वे सिर्फ बछड़े थे अब वे बड़ी हो गई हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी बताया कि गौशाला में उनके पास लगभग 200 गाय हैं। बाद में फराह ने उन गायों को चारा भी खिलाया।

(Image Source: Farah Youtube)

गौरव ने ऑर्गेनिक घी बेचने के अपने बिजनेस के बारे में बात की और कहा, “हमें गायों से जो दूध मिलता है, उसके 80% हिस्से से हम घी बनाते हैं।” उन्होंने छाछ बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी दिखाई। फिर गौरव ने एक और कमरा दिखाया, जहां वे गाय के गोबर को ईंधन के तौर पर इस्तेमाल करके छाछ से घी बनाते हैं।

(Image Source: Farah Youtube)

इसे लेकर गौरव ने कहा, “पूरा देश एलपीजी संकट का सामना कर रहा है, लेकिन हम नहीं। हमारे पास गाय का गोबर बहुत ज्यादा मात्रा में उपलब्ध है और हम उसी से मिलने वाली ऊर्जा का इस्तेमाल करके घी बनाते हैं।” गौरव ने फार्महाउस में अचार बनाने वाला कमरा भी दिखाया, जहां मजदूर ताजा अचार बनाते हुए दिखे। उस बहुत बड़ी जगह में चीनी-मिट्टी के बर्तनों में कई तरह के अचार रखे हुए थे।

(Image Source: Farah Youtube)

यह भी पढ़ें: कौन हैं अभिनेत्री समरीन कौर? 2018 मिस इंडिया की रह चुकी हैं फाइनलिस्ट, अर्शदीप की इंस्टा स्टोरी से बढ़ी चर्चा