नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में उनकी कास्टिंग को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस किरदार से पहले रणबीर कपूर ने इसंदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘एनिमल’ में एक टॉक्सिक इंसान का किरदार निभाया था और अब भगवान का किरदार निभा रहे हैं। इसी बीच बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में युधिष्ठिर का किरदार निभा चुके अभिनेता गजेंद्र चौहान ने ‘रामायण’ में उनके चयन को लेकर अपनी राय रखी है।

गजेंद्र चौहान का मानना है कि पौराणिक किरदार निभाने वाले कलाकार की दर्शकों के बीच पहले से कोई मजबूत छवि नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि जब किसी स्टार की अपनी एक अलग पहचान होती है, तो दर्शकों के लिए उसे किसी धार्मिक या पौराणिक किरदार के रूप में स्वीकार करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

गजेंद्र चौहान ने अपने अनुभव का उदाहरण देते हुए बताया कि जब उन्होंने युधिष्ठिर की भूमिका निभाई थी, तब वह दर्शकों के बीच कोई बड़ा नाम नहीं थे। उन्होंने कहा कि उस समय कलाकारों ने भले ही कई प्रोजेक्ट किए हों, लेकिन उनकी लोकप्रियता आज के बड़े फिल्म सितारों जैसी नहीं थी। उनके मुताबिक, यही वजह थी कि दर्शक उन्हें उनके किरदार के साथ आसानी से जोड़ पाए।

यह भी पढ़ें: भारतीय सिनेमा का नया इतिहास रचने को तैयार ‘रामायण’, 59,000+ स्क्रीन्स पर होगी रिलीज

हिंदी रश से बातचीत में अभिनेता ने कहा कि पौराणिक भूमिकाओं के लिए कलाकार की पिछली पहचान कई बार बाधा बन सकती है। उन्होंने मौजूदा ‘रामायण’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें कई बड़े सितारे धार्मिक किरदार निभा रहे हैं, इसलिए उन्हें इन भूमिकाओं में स्वीकार करने में दर्शकों को कुछ मुश्किल हो सकती है।

अमिताभ, आमिर और ऋतिक वाली ‘महाभारत’ का भी किया जिक्र

गजेंद्र चौहान ने उस प्रस्तावित ‘महाभारत’ का उदाहरण भी दिया, जिसमें अमिताभ बच्चन, आमिर खान और ऋतिक रोशन जैसे बड़े सितारों को अलग-अलग किरदारों में लिए जाने की चर्चा थी। उन्होंने बताया कि अमिताभ को भीष्म, ऋतिक को कर्ण और आमिर को कृष्ण के रूप में कास्ट करने की बात सामने आई थी, लेकिन यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका।

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ से पहले देखें पौराणिक कथा पर आधारित ‘नागबंधम’, अमेजन प्राइम वीडियो पर कर रही ट्रेंड

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि जब कोई कलाकार किसी पवित्र या पौराणिक किरदार को निभाता है तो उसे अपनी सार्वजनिक छवि को लेकर भी सावधान रहना चाहिए। चौहान ने याद किया कि युधिष्ठिर की भूमिका मिलने से पहले उन्हें बहुत कम लोग जानते थे। उन्होंने करीब 25 सीरियल में काम किया था, लेकिन उस समय उन्हें वह पहचान नहीं मिली थी, जो बाद में ‘महाभारत’ से हासिल हुई।

रणबीर के लुक पर क्या बोले गजेंद्र चौहान?

हालांकि, रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक को लेकर गजेंद्र चौहान ने कोई आपत्ति नहीं जताई। उन्होंने अभिनेता की तारीफ करते हुए कहा कि वह इस किरदार में अच्छे दिखाई दे रहे हैं।

चौहान के मुताबिक, भगवान राम की जो छवि लोगों के मन में बनी हुई है, रणबीर का लुक उस कल्पना के काफी करीब नजर आता है। हालांकि उन्होंने फिल्म रिलीज होने से पहले रणबीर की एक्टिंग पर कोई फैसला देने से इनकार किया।

‘रामायण’ के ट्रेलर में दिखा भव्य अंदाज

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है। ट्रेलर की शुरुआत यश के रावण वाले किरदार से होती है। शुरुआत में उसका चेहरा ढका हुआ नजर आता है और इसके बाद उसके साम्राज्य और शक्ति की झलक दिखाई जाती है। कहानी में रावण के अत्याचारों के बीच भगवान राम के जन्म और उनके संघर्ष को आगे बढ़ते दिखाया गया है।

यह भी पढ़ें: दीवाली पर नहीं बल्कि इस दिन रिलीज होगी रणबीर-यश की ‘रामायण’, मेकर्स का राम-रावण की महागाथा के बारे में बड़ा ऐलान

ट्रेलर में रणबीर कपूर के राम के अलावा साई पल्लवी की सीता और यश के रावण की भी झलक मिलती है। इसके साथ ही लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और विवेक ओबेरॉय विद्युतजिह्वा की भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि, सनी देओल की झलक ट्रेलर में नहीं दिखाई गई है। वह फिल्म में हनुमान का किरदार निभा रहे हैं।

दो भागों में आएगी ‘रामायण’

फिल्म को आधुनिक तकनीक और बड़े स्तर के VFX-CGI के साथ तैयार किया जा रहा है। कहानी को नई पीढ़ी के कलाकारों के जरिए बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा। फिल्म में एक दिलचस्प कास्टिंग अरुण गोविल की भी है। टीवी की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस बार राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे।

नितेश तिवारी की यह फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग अक्टूबर 2026 में दिवाली से पहले सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान रिलीज किया जाएगा। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।