Gajab Raat Trailer: कुछ फैसले ऐसे होते हैं, जिनका असर जिंदगी पर हमेशा के लिए पड़ता है। इसी कहानी को दिखाने आ रही है सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘गजब रात’। इस फिल्म में निर्देशक नीरज पांडे और अभिनेता मनोज बाजपेयी करीब 10 साल बाद फिर साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में एक पुलिस अधिकारी की कहानी दिखाई गई है, जो अपने फायदे और सही-गलत के बीच उलझ जाता है। नीरज पांडे की प्रोडक्शन कंपनी फ्राइडे फिल्मवर्क्स ने फिल्म बनाई है, जबकि इसका निर्देशन रितेश शाह ने किया है। फिल्म की कहानी एक रात में होने वाली घटनाओं पर आधारित है। इसमें एक फैसला कई नई मुश्किलें खड़ी कर देता है।
फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, कीकू शारदा और नुसरत भरूचा भी नजर आएंगे। फिल्म में किरदारों के रिश्ते, उनके बीच भरोसे और फैसलों के नतीजों को दिखाया जाएगा।
नीरज पांडे इससे पहले नेटफ्लिक्स के साथ ‘खाकी’ सीरीज, ‘सिकंदर का मुकद्दर’ और ‘टास्करी’ जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं। अब वह ‘गजब रात’ के साथ एक बार फिर दर्शकों के सामने आ रहे हैं। इस फिल्म के जरिए वह करीब एक दशक बाद मनोज बाजपेयी के साथ काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Jailer 2 Movie Hindi Review LIVE: रजनीकांत की फिल्म ने की शानदार शुरुआत, ऋतिक रोशन के काम की हो रही तारीफ
नीरज पांडे ने क्या कहा?
फिल्म के क्रिएटर नीरज पांडे ने कहा कि एक अच्छी कहानी सिर्फ दर्शकों को रोमांचित नहीं करती, बल्कि उन्हें सोचने पर भी मजबूर करती है। ‘गजब रात’ में किरदार ऐसे फैसले लेते हैं, जिनके सही या गलत होने का जवाब आसानी से नहीं मिलता। फिल्म में होने वाली घटनाओं के साथ-साथ किरदारों की उलझनें भी कहानी को दिलचस्प बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद मनोज बाजपेयी के साथ काम करना और रितेश शाह को निर्देशक के रूप में देखना उनके लिए खास अनुभव है। उन्हें उम्मीद है कि दर्शकों को यह फिल्म पसंद आएगी।
मनोज बाजपेयी ने फिल्म को लेकर क्या कहा?
मनोज बाजपेयी ने कहा कि नेटफ्लिक्स के साथ काम करने का उनका अनुभव अच्छा रहा है और वह ‘गजब रात’ का हिस्सा बनकर खुश हैं। उन्हें ऐसे किरदार पसंद हैं, जिन्हें आसानी से समझना या किसी एक तरह का इंसान कहना मुश्किल हो। इस फिल्म में भी उन्हें सस्पेंस और सही-गलत के बीच फंसे एक किरदार को निभाने का मौका मिला है।
अभिनेता ने बताया कि जैसे-जैसे रात आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे किरदारों के असली इरादे सामने आते हैं। नीरज पांडे के साथ दोबारा काम करना उनके लिए अच्छा अनुभव रहा। वहीं, रितेश शाह को लेखक से निर्देशक बनते देखना भी उनके लिए खास रहा।
रितेश शाह पहली बार करेंगे निर्देशन
फिल्म के निर्देशक रितेश शाह ने बताया कि उन्हें ऐसी थ्रिलर फिल्में पसंद हैं, जिनमें दर्शक आखिरी पल तक यह सोचते रहें कि आगे क्या होगा। इसी सोच के साथ ‘गजब रात’ बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि कहानी को एक ही रात में दिखाने से फिल्म में तनाव और रोमांच बनाए रखने में मदद मिली। नीरज पांडे के साथ नेटफ्लिक्स के लिए फिल्म का निर्देशन करना उनके लिए एक अच्छा अनुभव रहा।
कब और कहां रिलीज होगी ‘गजब रात’?
‘गजब रात’ में एक रात के दौरान लिए गए फैसलों और उनके नतीजों की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। यह सस्पेंस थ्रिलर 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
