भारतीय सिनेमा में ऐसी कई फिल्में हैं जिन्हें अनाउंस किया गया, स्क्रिप्ट पर काम शुरू हो गया, एक्टर्स को भी फाइनल कर लिया गया लेकिन फिर भी फिल्में कभी बड़े पर्दे पर दिखाई नहीं दी और ना ही उनकी शूटिंग कभी शुरू हुई। ऐसी ही एक फिल्म थी ‘कश्मीर’, जिसे फिल्म ‘गदर’ के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने बनाने का पूरा प्लान बना लिया था। फिल्म के लिए बड़े बड़े कलाकार फाइनल हो चुके थें, जिनमें दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार और धर्मेंद्र को कास्ट किया गया था, फिर ऐसा क्या हुआ कि ये फिल्म कभी नहीं बन पाई। इस बारे में पहली बार फिल्ममेकर ने खुद बयान दिया है।

यह भी पढ़ें- जब हंसा पारेख ने ‘खिचड़ी’ को बना दिया कल्ट क्लासिक, सालों बाद भी नहीं भूले दर्शक

‘गदर’ के डायरेक्टर का सबसे बड़ा अफसोस

फिल्म ‘गदर’ के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने हाल ही में शुभांकर मिश्रा के साथ एक पॉडकास्ट किया जिसमें उन्होंने ‘गदर’ फिल्म से लेकर कई और बातों पर बयान दिए। इस बातचीत में होस्ट ने फिल्ममेकर से सवाल किया कि क्या ऐसी कोई फिल्म है जो आपने नहीं बनाई और बाद में आपने इसका अफसोस किया।

इस पर जवाब देते हुए फिल्ममेकर अनिल शर्मा ने कहा कि ‘एक फिल्म थी ‘गदर’ से पहले, उस फिल्म का नाम था ‘कश्मीर’। उस फिल्म में मैं दिलीप साहब के साथ काम करना चाह रहा था। जब उन्होंने फिल्म की कहानी सुनी तो उन्होंने पहली ही मुलाकात में मुझसे फिल्म के लिए हां कर दिया। उस फिल्म की कहानी पंडितों के पलायन पर आधारित थी। उसमें दिलीप जी के साथ धरम जी भी थे। ऐसा मैंने सोचा था।’

‘कश्मीर’ से ‘गदर’ तक कैसे पहुंचे फिल्ममेकर अनिल शर्मा

अनिल शर्मा ने बताया कि ‘जब मैं ‘कश्मीर’ की कहानी बना रहा था, तो उसके सेकेंड हाफ में मुझे एक प्लॉट चाहिए था कि कश्मीर का लड़का और पीओके की लड़की। उस प्लॉट को ढूंढते हुए ‘गदर’ का प्लॉट आ गया। जिस समय ‘गदर’ का प्लॉट आया तो मुझे लगा कि ये तो रामायण आ गई है। राम सीता को लंका से लेने जा रहे है और लंका तो पाकिस्तान से बैटर हो नहीं सकती थी। ये फिल्म तो लोगों के दिलों में उतर जाएगी, इससे बड़ी हिट कोई नहीं हो सकती है। एक डायरेक्टर के तौर पर मेरा मन कश्मीर से हट कर ‘गदर’ पर चला गया था।’

यह भी पढ़ें- ‘मुझे राजनीति से दूर रखिए’, दिलजीत दोसांझ का फैंस को दो टूक जवाब, बोले- कॉकरोच जनता पार्टी पर सवाल न करें

‘मैं दिलीप साहब के पास गया, मैंने उनसे कहा कि सर एक कहानी आई है और उस कहानी को बनाने का मेरा मन है, मैं क्या करूं। दिलीप साहब ने तुरंत कहा कि जो तुम्हारा मन है वो बनाओ, ये हम बाद में बना लेंगे। लेकिन वो बाद कभी नहीं आई। तो इस बात का मुझे बहुत अफसोस है कि मैं बाद में भी वो फिल्म कभी नहीं बना पाया।’ फिल्ममेकर ने कहा

जब 24 घंटे थिएटर्स में चले ‘गदर’ के शोज

इस वजह से दिलीप कुमार के साथ फिल्म कश्मीर कभी नहीं बन पाई और फिल्ममेकर का ये फिल्म बनाने का सपना, एक सपना ही रह गया। इसके अलावा भी फिल्ममेकर ने यहां ‘गदर’ से जुड़े कई किस्से साझा किए। डायरेक्टर अनिल शर्मा ने खुलासा किया कि ‘गदर’ इतनी बड़ी ब्लॉकबस्टर बन गई थी कि दर्शकों की भारी डिमांड को पूरा करने के लिए भारतीय थियेटर्स को दिन में आठ शोज के साथ 24 घंटे का साइकिल चलाना पड़ा था।

Live Updates