करवाचौथ का त्योहार हो और बॉलीवुड के किसी यादगार गाने का जिक्र ना हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है। करण जौहर, यश चोपड़ा की फिल्मों में इस त्योहार की कई झलकियां देखने मिली हैं। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी फिल्मों ने इस त्योहार को ग्लैमराइज किया। लेकिन क्या आप जानतें है कि पहली बार किस हिंदी फिल्म में करवाचौथ मनाया गया था। वो कौन सी फिल्म थी जिसमें पहली बार करवाचौथ का गाना सुनाई दिया था। चलिए बताते हैं उस फिल्म और गाने की कहानी

62 साल पहले की हिंदी फिल्म ‘बहू बेटी’

बॉलीवुड ने करवाचौथ के त्योहार को काफी शानदार तरीके से सेलिब्रेट करते हुए दिखाया है। साल 1964 में एक हिंदी फिल्म आई जिसका नाम था ‘बहू बेटी’। ये एक ऐसी फिल्म थी, जिसने इस त्योहार को सिनेमाई अंदाज में खास पहचान दी। भारतीय सिनेमा में इस फिल्म में करवाचौथ का पहला गाना दिखाया गया था। जिसका नाम था ‘आज है करवा चौथ सखी’। ये एक ब्लैक एंड व्हाइट फिल्म थी, जिसमें मुमताज और माला सिन्हा एक्ट्रेस थीं।

आशा भोसले की आवाज का चला जादू

62 साल पहले इस गाने को बोल साहिर लुधियानवी ने लिखे थे और इस गाने में सुर आशा भोसले ने लगाए थे। आशा भोसले की आवाज में ये गाना काफी पसंद किया गया था। ये गाना माला सिन्हा और मुमताज पर फिल्माया गया है जो फिल्म में करवाचौथ सेलिब्रेट कर रही होती हैं। टी. प्रकाश राव के निर्देशन में बनी फिल्म बहू बेटी के इस गाने का म्यूजिक डायरेक्शन रवि ने किया था।

यह भी पढ़ें- रश्मिका से अंशुला तक, ये बॉलीवुड-टीवी एक्ट्रेसेज मना रही हैं अपना पहला करवाचौथ

‘आज है करवा चौथ सखी’ गाने के शानदार बोल

2 मिनट 54 सेकेंड के इस गाने में सभी औरतें अपनी पति की लंबी उम्र के लिए दुआं मांगती नजर आती हैं। इस गाने पर इंजॉय करती, नाचती-गाती दिखाई देती हैं। दोनों एक्ट्रेसेज के लुक पुराने दौर की सुहागनों की तरह दिखाई देती हैं। गाने के बोल कुछ इस तरह हैं…

जन्म जन्म तक मांग का तेरी रंग पड़े ना फीका
जब तक चमके चांद सितारे, तब तक चमके टीका
बंधे रहे मनभाते प्रीतम के प्राणों से प्राण
आज है करवा चौथ सखी री, मांग ले सुख का दान

यह भी पढ़ें: करवाचौथ आते ही ट्रेंड करता है माधुरी का 27 साल पुराना गाना, यूट्यूब पर 124 मिलियन व्यूज, लोग बनाते हैं रील्स

करवाचौथ का महत्व बताता है ये गाना

बीते सालों में कई बॉलीवुड फिल्में हैं जिसमें करवाचौथ को दिखाया गया है और उससे जुड़े तमाम गाने सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं। करवा चौथ आते ही कुछ गाने दर्शकों की फीड में दिखाई देते हैं। रील्स और सोशल मीडिया के जमाने में इस गीत को याद रखना भले ही मुश्किल हो लेकिन ये गाना करवाचौथ के असली महत्व को बताता है। इसके बोल में त्योहार का महत्व साफ छलकता है।