फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर को मुंबई में उनके घर पर निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। वह 57 साल के थे।
‘काबिल’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘कांटे’, ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्मों को डायरेक्ट करने वाले निर्देशक इस दुनिया को छोड़कर जा चुके हैं। कई रिपोर्ट्स का दावा है कि बाथरूम में गिरने से उनकी मौत हुई। हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने दी मौत की जानकारी
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर संजय गुप्ता की मौत की खबर की जानकारी दी। उन्होंने दुख जताते हुए लिखा, ‘यह बेहद चौंकाने वाला और दुखद है। अभी-अभी हमारे प्रिय मित्र और बेहतरीन निर्देशक संजय गुप्ता के निधन की खबर मिली। घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनका निधन हो गया। एक और टैलेंट्ड शख्स हमें बहुत जल्दी छोड़कर चला गया। वह शानदार कहानीकार, जिंदादिल इंसान और सिनेमा के प्रति बेहद जुनूनी फिल्ममेकर थे। इंडस्ट्री के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है। मेरे दोस्त, तुम्हारी कमी हमेशा खलेगी। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’
क्राइम, गैंगस्टर फिल्मों के लिए मशहूर थे संजय गुप्ता
संजय गुप्ता बॉलीवुड में अपनी स्टाइलिश क्राइम ड्रामा, गैंगस्टर फिल्मों और एक्शन थ्रिलर के लिए जाने जाते थे। उन्होंने ‘कांटे’, ‘आतिश’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘काबिल’ जैसी कई मशहूर फिल्मों को डायरेक्ट किया था। उन्होंने फिल्म शूटआउट एट लोखंडवाला के प्रोड्यूस भी किया और साथ ही वह उसके सह-लेखक भी थे।
क्यों खास थी उनकी फिल्में
संजय गुप्ता को हिंदी सिनेमा में क्राइम से जुड़ी फिल्में बनाने वाले खास निर्देशकों में गिना जाता था। उनकी फिल्मों में दमदार कहानी, कई बड़े कलाकारों की मौजूदगी, स्टाइलिश एक्शन और जटिल किरदार देखने को मिलते थे। उनके खास निर्देशन के तरीके ने उन्हें बॉलीवुड में एक अलग पहचान दिलाई थी।
यह भी पढ़ें- जीते जी अधूरा रहा मधुबाला और दिलीप कुमार का प्यार, मरने के बाद एक ही कब्रिस्तान में हुए दफन
मौत पर जताया दुख
एक्ट्रेस सेलीना जेतली ने फिल्ममेकर की मौत पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, ‘संजय गुप्ता के निधन की खबर सुनकर मैं बेहद दुखी हूं। उनके साथ फिल्म ‘जिंदा’ में काम करने की कई अच्छी यादें हैं। वह हमेशा मुझे अपनी छोटी बहन कहते थे। उनकी ये बातें हमेशा याद रहेंगी। इस मुश्किल घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’
फिल्ममेकर की मौत पर इंडस्ट्री के कई लोगों ने शोक जताया है। फिल्म एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी संजय गुप्ता की मौत पर अपना दुख जाहिर करते हुए एक पोस्ट किया।
संजय गुप्ता इससे पहले भी एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो चुके थे। कई साल पहले पुणे से मुंबई जाते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में उन्हें कई चोटें आई थीं, हालांकि इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे।
