फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया। 31 अक्टूबर को मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम संस्कार में बॉलीवुड से उनके करीबी दोस्त और परिवार वालों को देखा गया।
एक्टर रोनित रॉय ने संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार की जानकारी दी थी। बताया जा रहा है कि फिल्ममेकर की मौत घर में गिरने के कारण सिर पर लगी गंभीर चोट से हुई। इस मामले में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death) का मामला दर्ज किया है। उनके अचानक निधन से परिवार, दोस्तों और फिल्म जगत में शोक का माहौल है।
उनके मौत की खबर फिल्ममेकर अशोक पंडित ने दी थी। बाद में उनके करीब दोस्त उनके घर तुरंत पहुंचे। रोनित रॉय को इस मौके पर काफी भावुक देखा गया। वह फूट-फूट कर रोते दिखाई दिए। मिलाप जावेरी भी काफी इमोशनल नजर आए।
फिल्ममेकर की मौत पर संजय दत्त, अनुपम खेर, हर्षवर्धन राणे समेत कई कलाकारों ने रिएक्शन दिए। हैरानी की बात ये है कि इससे पहले काफी खतरनाक एक्सीडेंट में संजय गुप्ता को गंभीर चोटें आईं थीं लेकिन वह रिकवर हो गए थे और अब घर में गिरने से लगी चोट के कारण उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- डायरेक्टर संजय गुप्ता की मौत पर फूट-फूटकर रोए रोनित रॉय, संजय दत्त पूरा करेंगे जिगरी दोस्त का सपना
डीसीपी पुरुषोत्तम कराड के मुताबिक, घटना के समय गुप्ता की पत्नी, उनके दो बेटे और घर का नौकर भी उस समय घर पर मौजूद थे। हालांकि, सभी लोग सो रहे थे। बाद में परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
गुप्ता ने अपने करियर में ‘जंग’, ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। साल 2002 में रिलीज हुई उनकी फिल्म कांटे, जिसमें अमिताभ बच्चन, संजय दत्त और सुनील शेट्टी नजर आए थे, उनकी सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही। इसके अलावा, उन्होंने 2007 में आई फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ का निर्माण और सह-लेखन भी किया था।
