वरिष्ठ बंगाली फिल्ममेकर राजा सेन का निधन हो गया है, उन्होंने 71 साल की उम्र में रविवार को एक सरकारी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार थे। बता दें कि राजा सेन अपनी नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली फिल्म ‘दामू’ के लिए मशहूर थे।

वेंटिलेटर पर थे राजा सेन

राजा सेन का SSKM अस्पताल में कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का इलाज चल रहा था और वह वेंटिलेटर पर थे। अस्पताल के एक सीनियर डॉक्टर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में फेफड़ों, दिल और किडनी से जुड़ी समस्याओं के कारण राजा सेन की हालत काफी बिगड़ गई थी। डॉक्टर ने कहा, “उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें थीं और इलाज के बावजूद उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।”

यह भी पढ़ें: बंटवारा 1947: जिस नाटक पर आधारित है फिल्म, वो पाकिस्तान में बैन क्यों, जानिए असली वजह

‘दामू’ से की करियर की शुरुआत

राजा सेन को शुरुआत में पीठ के निचले हिस्से में चोट लगने के बाद एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें फेफड़ों और दिल से जुड़ी परेशानियां होने लगीं। इसके बाद सोमवार को उन्हें SSKM अस्पताल लाया गया, जहां बाद में किडनी से जुड़ी दिक्कतें भी सामने आईं।

फिल्ममेकर के निधन से बंगाली फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उन्होंने कई दशकों तक इस इंडस्ट्री में काम किया। राजा सेन ने 1996 में फिल्म ‘दामू’ से बतौर फीचर फिल्म डायरेक्टर डेब्यू किया था। इस फिल्म ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड में बेस्ट चिल्ड्रन फिल्म का पुरस्कार जीता था।

जया बच्चन और अभिषेक की फिल्म को किया डायरेक्ट

अपने लंबे करियर में सेन ने कई फीचर फिल्में, टीवी सीरियल और डॉक्यूमेंट्री बनाई। उनकी फिल्मों में ‘आत्मीय स्वजन’, ‘देश’, ‘देवीपक्ष’, ‘कृष्णकांतेर विल’, ‘लेबोरेटरी’ और ‘माया मृदंगा’ शामिल हैं। उनकी 2002 में आई फिल्म ‘देश’ में जया बच्चन और अभिषेक बच्चन नजर आए थे। राजा सेन ने कई जानी-मानी हस्तियों और सांस्कृतिक शख्सियतों पर डॉक्यूमेंट्री भी बनाई थीं। इनमें रवींद्र संगीत की मशहूर गायिका सुचित्रा मित्रा भी शामिल थीं।

यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ के बाद ‘प्रलय’ लाने को तैयार रणवीर सिंह, हंसल मेहता के साथ मिलकर अनन्या बिड़ला ने किया फिल्म को प्रोड्यूस