मलयालम फिल्म निर्देशक और निर्माता काजा हुसैन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उन्हें चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उन्हें रविवार को केरल के पलक्कड़ रेलवे स्टेशन से पकड़ा है।
काजा हुसैन 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘कल्लनमारुडे वीडु’ के लिए जाने जाते हैं। पीटीआई रेलवे पुलिस के मुताबिक, उन पर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के महंगे मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी करने का आरोप है। एक महिला यात्री के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
क्या है पूरा मामला?
शोरनूर रेलवे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि काजा हुसैन पर यात्रियों के मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले मंगलुरु सेंट्रल इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला का करीब 80 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी हुआ था। इस घटना के बाद आरोपी की तलाश की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया। यह धारा घर, परिवहन के साधन या पूजा स्थल में चोरी से संबंधित है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने काजा हुसैन को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: 6 साल बाद बिपाशा बसु की स्क्रीन पर वापसी, शुरू की नई सीरीज की शूटिंग, फैंस खुश
शोरनूर में दो लैपटॉप और एक मोबाइल चोरी करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में सामने आया है कि काजा हुसैन ने केरल के शोरनूर इलाके में दो लैपटॉप और करीब 80 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन चोरी किया था। इसके अलावा, उन पर कोझिकोड में भी दो लैपटॉप चोरी करने का आरोप है।
फिल्म फ्लॉप होने के बाद आर्थिक तंगी का दावा
पुलिस के मुताबिक, काजा हुसैन को अपनी फिल्म ‘कल्लनमारुडे वीडु’ के बॉक्स ऑफिस पर असफल रहने के बाद भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। पुलिस का दावा है कि आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने पैसे जुटाने के लिए ट्रेनों में चोरी करना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: ‘हटाया जाए फर्जी-अश्लील कंटेंट’, कंगना रनौत पर्सनैलिटी राइट्स मामले में दिल्ली हाई कोर्ट का आदेश
गौरतलब है कि फिल्म के फ्लॉप होने के बाद काजा हुसैन ने अभिनेता बीजू कुट्टन पर भी आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि अभिनेता फिल्म के प्रमोशन में शामिल नहीं हुए, जिससे फिल्म को नुकसान हुआ। काजा के मुताबिक, अगर अभिनेता प्रचार गतिविधियों में हिस्सा लेते, तो दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर अलग माहौल बन सकता था और उनके प्रशंसक भी फिल्म देखने पहुंचते।
