सारा अली खान के केदारनाथ जाने को लेकर फतवा जारी किए जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इस बात पर विचार करने की जरूरत है कि यह ‘कट्टरपंथी सोच’ देश और समाज को कहां लेकर जाएगी।
वरिष्ठ नेता ने कहा कि सारा अली खान अपनी आस्था के कारण श्रद्धापूर्वक केदारनाथ जाती हैं, लेकिन साथ ही वह अपने पिता सैफ अली खान से मिले धर्म का भी पालन करती हैं।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ”मगर कुछ कूपमंडूक लोग हैं, जो उनके वहां जाने को लेकर फतवा जारी कर रहे हैं। यह ‘कट्टरपंथी सोच’ हमारे समाज और देश को कहां लेकर जाएगी इस पर विचार करना चाहिए।” उन्होंने धर्मपरायणता और कट्टरपंथ को अलग-अलग बताते हुए कहा कि सहज और उदार रहकर भी धर्मपरायण हुआ जा सकता है।
आस्था और मूर्ति पूजा में अंतर
कांग्रेस नेता रावत ने यह भी कहा, ”अपने धर्म का पालन करिए और उसके गुणों का प्रचार करिए। मगर कोई किसी देवता में आस्था रख रहा है, तो आप उसे आस्था रखने से क्यों रोक रहे हैं?” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस्लाम में मूर्ति पूजा नहीं होती है, लेकिन आस्था और मूर्ति पूजा में अंतर है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ”कोई आस्था रख रहा है, किसी स्थल पर जा रहा है और हो सकता है कि वहां ध्यान लगाकर अल्लाह को भी याद कर रहा हो क्योंकि दुनिया में सभी भूमि नारायण की है, सभी भूमि अल्लाह की है, सभी भूमि गॉड की है, भगवान की है।” रावत ने कहा कि कट्टरपंथ से देश और समाज पहले से ही बहुत दुखी है। हिंदू और मुसलमान, दोनों पक्षों में समाज को नुकसान पहुंचाने वालों की कमी नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा, ”ये दोनों तरफ हैं-हिंदुओं में भी हैं और मुसलमानों में भी मगर ये किसी के हितैषी नहीं हैं। ये धर्म और अपने धर्म के भी हितैषी नहीं हैं।” ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा के केदारनाथ जाने और वहां पूजा-अर्चना करने पर फतवा जारी किया है और उन्हें तौबा करने की नसीहत दी है।
साल 2018 में आई फिल्म ‘केदारनाथ’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली सारा अली खान अक्सर केदारनाथ धाम जाती रहती हैं। हाल ही में 25 अक्टूबर को भी वह केदारनाथ गई थीं, जहां उन्होंने अपने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाई थीं।
‘रामायण’ में रकुल प्रीत सिंह बनीं शूर्पणखा, बताया क्यों रोल को किया हां, बोलीं- उन्हें गलत समझा गया
