फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह लीड रोल निभाने वाले थे, लेकिन फिर उन्होंने यह मूवी बीच में ही छोड़ दी, जिसके बाद खूब बवाल हुआ। कई लोग और संस्थाएं भी इस विवाद से जुड़ी और उन्होंने रणवीर सिंह को बैन कर दिया। हालांकि, जब कई अन्य लोगों ने इसका विरोध किया तो संस्थाओं ने अपना फैसला वापस ले लिया। अब यह मामला फिर चर्चा में है। दरअसल, ‘दिल चाहता है’ के 25 साल पूरे होने पर फरहान ने रणवीर सिंह का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा है।
क्या बोले फरहान अख्तर?
फरहान ने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ से बात करते हुए अपनी पहली फिल्म ‘दिल चाहता है’ की शूटिंग से पहले एक्टर्स की डेट्स तय करने में आई मुश्किलों को याद किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग शुरू होने से कुछ समय पहले सैफ अली खान भी फिल्म छोड़ने की स्थिति में आ गए थे। इसकी वजह उनकी दूसरी फिल्म के साथ डेट्स को लेकर हुई परेशानी थी।
यह भी पढ़ें: पवन सिंह से स्टेज पर मिलने पहुंचे कांवड़िए को सुरक्षाकर्मी ने फेंका नीचे, फिर पावर स्टार ने दिया ऐसा रिएक्शन
फरहान ने बताया कि सैफ की दूसरी फिल्म की डेट्स बदल गई थीं और वह इस वजह से ‘दिल चाहता है’ को लेकर असमंजस में थे। उन्होंने कहा कि सैफ को फिल्म में बनाए रखने के लिए सभी ने उन्हें मनाने की कोशिश की थी। फरहान के मुताबिक, उनके लिए यह स्थिति बेहद परेशान करने वाली थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि सैफ के अलावा कोई और उस किरदार को नहीं निभा सकता था।
इसके बाद फरहान ने आज के समय में फिल्ममेकर्स के सामने आने वाली ऐसी ही परेशानियों की तरफ भी इशारा किया। उन्होंने कहा, “तो ये मेरे लिए बहुत दिल तोड़ने वाला था। शूटिंग शुरू होने में शायद 10 दिन नहीं, करीब एक महीना बाकी था, जो आजकल एक पैटर्न बन गया है।” इसके बाद मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, “सिर्फ मेरे साथ नहीं। ऐसा भी होता है। है ना?”
फरहान ने रणवीर का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका यह बयान तुरंत ‘डॉन 3’ विवाद से जोड़कर देखा जाने लगा। इसकी वजह यह है कि रणवीर के फिल्म छोड़ने की खबर भी शूटिंग शुरू होने से कुछ हफ्ते पहले ही सामने आई थी। फरहान इससे पहले भी ‘डॉन 3’ को लेकर सामने आई मुश्किलों पर बात कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि इस पूरे अनुभव ने उन्हें अनपेक्षित चीजों के लिए तैयार रहना सिखाया है।
फरहान ने कहा था कि जब तक कोई चीज फिल्म में शूट नहीं हो जाती, तब तक किसी भी बात को पूरी तरह तय नहीं मानना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि करियर में ऐसे दौर आते हैं, जो रचनात्मक और व्यक्तिगत दोनों स्तर पर मुश्किल होते हैं। ऐसे समय में इंसान खुद से सवाल करने लगता है कि क्या उसके अंदर इन मुश्किलों से आगे बढ़ने की क्षमता है।
कैसे शुरू हुआ ‘डॉन 3’ का विवाद?
‘डॉन 3’ का विवाद दिसंबर 2025 में तब बढ़ा, जब रणवीर सिंह के फिल्म से बाहर होने की खबर सामने आई। बताया गया कि फिल्म की शूटिंग कुछ ही हफ्तों में शुरू होने वाली थी। इसके बाद फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्री-प्रोडक्शन में हुए नुकसान के लिए रणवीर से मुआवजे की मांग की। इस मामले में बाद में मध्यस्थता की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी संस्थाएं भी शामिल हुईं। एक सिने संस्था की तरफ से रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव भी जारी किया गया था, जिसे कुछ दिनों बाद वापस ले लिया गया।
स्क्रीन की पहले की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया की एक बैठक में रणवीर ने फिल्म छोड़ने की वजह से जुड़ी चार मुख्य चिंताएं बताई थीं। रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर का कहना था कि फिल्म की स्क्रिप्ट उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं थी। उन्होंने फरहान की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि फरहान के दूसरे प्रोफेशनल कामों, जैसे कॉन्सर्ट टूर और एक्टिंग प्रोजेक्ट्स की वजह से उनके साथ लगातार क्रिएटिव बातचीत करना मुश्किल हो रहा था।
रणवीर ने कथित तौर पर यह भी कहा था कि उनकी फीस को दोबारा तय करके कम कर दिया गया था। इसके अलावा उन्होंने दावा किया था कि फिल्म का बजट पहले बताए गए करीब 300-350 करोड़ रुपये से घटाकर लगभग 150 करोड़ रुपये कर दिया गया था। रणवीर ने यह भी कहा था कि उन्हें फिल्म के लिए साइनिंग अमाउंट नहीं मिला था।
इसके बाद फरहान और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर के इन आरोपों में से कई बातों को खारिज किया था। उनका कहना था कि फिल्म के निर्माण के दौरान रणवीर को स्क्रिप्ट के कई ड्राफ्ट दिए गए थे और उन्होंने उन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी। प्रोड्यूसर्स ने रणवीर की फीस कम किए जाने की बात से भी इनकार किया। उनका कहना था कि फीस को लेकर बातचीत टर्म शीट साइन होने से पहले हुई थी और बाद में उनकी फीस कम नहीं की गई थी।
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म के बजट में कटौती और फरहान की उपलब्धता को लेकर रणवीर की बातों को भी चुनौती दी थी। मध्यस्थता के दौरान एक अहम बातचीत तब हुई, जब एक्सेल एंटरटेनमेंट के रितेश सिधवानी ने कथित तौर पर रणवीर से पूछा कि अगर ‘धुरंधर’ ब्लॉकबस्टर नहीं होती, तो क्या वह ‘डॉन 3’ छोड़ते? बैठक में मौजूद लोगों के मुताबिक, रणवीर ने कहा था कि ऐसी स्थिति में वह फिल्म से बाहर नहीं होते।
पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है विवाद
इसके बाद रणवीर ने विवाद खत्म करने के लिए एक सेटलमेंट का प्रस्ताव भी दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने तुरंत 10 करोड़ रुपये बतौर मुआवजा देने की पेशकश की थी। साथ ही भविष्य में एक्सेल एंटरटेनमेंट की किसी फिल्म में काम करने पर अपनी फीस में 25 फीसदी की छूट देने की बात कही थी।
हालांकि, प्रोड्यूसर्स ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। उनका कहना था कि भविष्य की किसी फिल्म में फीस पर छूट उनके लिए ज्यादा मायने नहीं रखती, क्योंकि अब वे रणवीर के साथ काम करने में दिलचस्पी नहीं रखते। उनकी मांग पहले हो चुके नुकसान के लिए मुआवजा पाने की थी। फिलहाल ‘डॉन 3’ से जुड़ा यह विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
