फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान लंबे समय से अपने यूट्यूब व्लॉग को लेकर चर्चा में रहती हैं और इससे उन्होंने अपनी एक और नई पहचान बनाई है। इस वक्त वो ‘लॉक अप: सच या सजा-सीजन 2’ की होस्ट कर रही हैं। अब फराह ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान को एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) की सदस्यता के लिए आमंत्रित किया गया है। यही प्रतिष्ठित संस्था हर साल दुनिया के सबसे बड़े फिल्म सम्मान ऑस्कर अवॉर्ड्स का आयोजन करती है।
फराह ने सोशल मीडिया पर जताई खुशी
फराह खान ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी अपने फैंस के साथ शेयर की। उन्होंने इस सम्मान के लिए खुशी और गर्व जताते हुए कहा कि दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित फिल्म संस्थाओं में शामिल होने का निमंत्रण मिलना उनके लिए बेहद खास पल है।
यह भी पढ़ें: ‘निकाल दो मैं बदलने वाला नहीं…’, Lock Upp में फराह खान ने समझाया तो राम कपूर ने किया बुरा बर्ताव
अगर फराह इस निमंत्रण को स्वीकार करती हैं, तो वह एकेडमी की आधिकारिक सदस्य बन जाएंगी। इसके बाद उन्हें आगामी ऑस्कर अवॉर्ड्स में नामांकित फिल्मों और विजेताओं के चयन के लिए वोट देने का अधिकार मिलेगा।

इस साल 529 फिल्मी हस्तियों को भेजा गया एकेडमी का न्योता
एकेडमी हर साल दुनियाभर के प्रतिभाशाली कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़े पेशेवरों को अपनी सदस्यता के लिए आमंत्रित करती है। इस वर्ष फिल्म निर्माण के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 529 लोगों को सदस्य बनने का न्योता मिला है। इस सूची में फराह खान के साथ-साथ राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक विशाल भारद्वाज का नाम भी शामिल है, जिन्हें ‘मकबूल’, ‘ओमकारा’ और ‘हैदर’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशन के लिए जाना जाता है।
यह भी पढ़ें: भारत में रिकॉर्ड तोड़ने के बाद जापान में रिलीज हो रही ‘धुरंधर’, क्या RRR को छोड़ेगी पीछे
कई भारतीय फिल्म हस्तियों को मिला सम्मान
इस साल आमंत्रित भारतीयों में दिग्गज फिल्म एडिटर ए. श्रीकर प्रसाद और दीपा भाटिया भी शामिल हैं। चार दशक से अधिक लंबे करियर में दीपा भाटिया दिल चाहता है, साथिया, तारे जमीन पर, रॉक ऑन!!, माय नेम इज़ खान, काई पो चे और RRR जैसी फिल्मों से जुड़ी रही हैं।
यह भी पढ़ें: कौन थे खाशाबा? जिनकी जिंदगी को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं नागराज पोपटराव मंजुले, फिल्म का टीजर रिलीज
इसके अलावा कॉस्ट्यूम डिजाइनर एका लाखानी, कास्टिंग डायरेक्टर दिलीप शंकर और डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर शालिनी कांतैया को भी सदस्यता के लिए आमंत्रित किया गया है। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अन्य नामों में अवनीत कौर (एनीमेशन), राजेश रामचंद्रन (प्रोडक्शन एंड टेक्नोलॉजी), बेकी ग्राहम और जय मेहता (विजुअल इफेक्ट्स) शामिल हैं।
निमंत्रण स्वीकार करने के बाद ये सभी एकेडमी के 11,000 से अधिक वैश्विक सदस्यों का हिस्सा बन जाएंगे और ऑस्कर पुरस्कारों की वोटिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
