जीनत अमान जितनी अपने काम को लेकर चर्चा में रहीं, उससे ज्यादा उनकी पर्सनल लाइफ ने सुर्खियां बटोरी। जीनत अमान ने एक्टर मजहर खान से शादी की थी।मगर इससे पहले 70 के दशक में उनका नाम अभिनेता संजय खान से जुड़ा। जीनत अमान और संजय खान दोनों ने माना कि वो रिश्ते में थे। खबर ये भी थी कि दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी की थी, इस खबर पर अब संजय खान की बेटी ने मुहर लगा दी है।
संजय की बेटी फराह खान अली ने खुलासा किया है कि संजय ने जीनत से शादी की थी और बाद में उन्हें तलाक दे दिया था। उस समय संजय की शादी जरीन खान से हो चुकी थी और वे तीन बेटियों के पिता थे, साथ ही चौथा बच्चा होने वाला था।
विक्की लालवानी के शो में फराह से सवाल किया गया कि क्या वाकई उनके पिता ने जीनत अमान से शादी की थी। इसके जवाब में उन्होंने कहा, “हां, उस समय उन्होंने उनसे शादी की थी।” जब उनसे पूछा गया कि यह शादी कैसे खत्म हुई, तो उन्होंने कहा, “उनकी शादी मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी और बाद में उन्होंने मुस्लिम तरीके से ही उन्हें तलाक भी दे दिया।”
जीनत के आरोपों पर भी संजय खान की बेटी ने तोड़ी चुप्पी
जीनत अमान ने संजय खान से अलग होने के बाद उनपर आरोप लगाया था कि मुंबई के ताज होटल में संजय ने उन्हें बुरी तरह पीटा था। हालांकि, संजय खान ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है। इसके बारे में बात करते हुए फराह ने कहा कि उनके पिता ने कभी जीनत पर हाथ नहीं उठाया।
फराह खान ने इस कथित घटना को पूरी तरह बकवास बताया। उन्होंने कहा, “मेरे पिता ने कभी मेरी मां या अपनी किसी बेटी पर हाथ नहीं उठाया। वह ऐसे इंसान नहीं हैं जो किसी महिला पर हाथ उठाएं।”
यह भी पढ़ें: उन्हें भेंगापन है’, जीनत अमान को थप्पड़ मारने वाली खबर को संजय खान ने बताया PR हमला, कहा: राज कपूर देव आनंद ने मुझे…
बता दें कि जीनत अमान का कहना था कि उनकी पिटाई की गई थी, जिसके कारण उनकी आंख में भी दिक्कत आई है। फराह ने उनकी आंख वाली बात पर भी जवाब देते हुए कहा कि उनकी मां जरीन खान ने उन्हें इस मामले के बारे में जो बताया, उसी पर उन्हें पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा, “मेरी मां ने मुझे बताया था कि जीनत की मां को आंखों की एक बीमारी थी। जीनत की एक आंख भी दूसरी की तुलना में थोड़ी छोटी थी और यह एक आनुवंशिक समस्या थी। यह वैसा नहीं था जैसा प्रेस में लिखा गया। मेरी मां ने साफ कहा था कि मेरे पिता ने जीनत अमान पर कभी हाथ नहीं उठाया। इसलिए ये बात बिल्कुल बकवास है कि मेरे पिता ने पार्टी में उनकी पिटाई की थी।” U
हालांकि सिनेबलिट्ज मैगजीन में छपी एक खबर के मुताबिक होटल के कर्मचारियों ने कहा था उन्होंने इससे पहले किसी महिला को इतनी बेरहमी से पिटते हुए कभी नहीं देखा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
संजय की पत्नी के लिए सिर्फ जीनत अमान नहीं हैं दोषी
फराह ने यह भी बताया कि उनकी मां जरीन खान ने इस रिश्ते के लिए सिर्फ जीनत अमान को ही नहीं, बल्कि संजय खान को भी जिम्मेदार माना था। उन्होंने कहा, “मेरी मां कहती थीं कि तुम्हारे पिता भी उनकी ओर आकर्षित थे। इसलिए मैं सिर्फ जीनत को दोष नहीं देती, तुम्हारे पिता भी उतने ही जिम्मेदार थे। दोनों तरफ आकर्षण था। शायद उस समय उनकी शादी में कुछ दिक्कतें थीं, जिसकी वजह से ऐसा हुआ, या फिर बस ऐसा हो गया।”
फराह ने आगे कहा कि संजय खान और जीनत अमान का रिश्ता लगभग उनके माता-पिता की शादी तोड़ चुका था। उन्होंने बताया कि उस समय उनकी मां जरीन, बेटे ज़ायद खान के साथ गर्भवती थीं। ज़ायद के जन्म के बाद जरीन उन्हें संजय खान और परिवार के पास छोड़कर करीब 3-4 महीनों के लिए चली गई थीं। जब वह वापस लौटीं, तो वह पहले से काफी बदली हुई महिला थीं।
गौरतलब है कि संजय खान से रिश्ता खत्म होने के बाद जीनत अमान ने 1985 में मजहर खान से शादी की थी। उनकी शादी 13 साल चली, दोनों के रिश्ते में काफी उतार-चढ़ाव आए मगर उनका रिश्ता टिका रहा। 1998 में मजहर का निधन हो गया और जीनत फिर से अकेली हो गईं।
