अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की वजह से इस समय दुनियाभर में अफरा-तरफी और तनाव का माहौल बना हुआ है। इसमें मिडिल ईस्ट के कई देशों जैसे यूएई, सऊदी अरब और अन्य इलाकों में हुए हमलों की खबर सामने आने के बाद हालात और गंभीर हो गए। यहां तक कि बढ़ते खतरे के चलते दुबई का एयरस्पेस भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जिससे कई फ्लाइट्स रद्द और स्थगित करनी पड़ीं।
इसी बीच कई बॉलीवुड सितारों एरिका फर्नांडिस, सोनल चौहान, अभिनेत्री ईशा गुप्ता, साउथ अभिनेता अजित कुमार और नरगिस फाखरी के भी दुबई में फंसने की खबर सामने आई है। इनमें से कुछ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि वह सुरक्षित हैं, तो कुछ ने कहा कि चिंता और डर बना रहता है क्योंकि आपको नहीं पता कि आगे क्या होने वाला है।
सोनल चौहान ने किया पोस्ट
सोनल ने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम की स्टोरी पर एक पोस्ट करते हुए बताया कि दुबई में स्थिति कंट्रोल में है। उन्होंने लिखा, “जो भी मुझे मैसेज कर रहे हैं और मेरा हालचाल पूछ रहे हैं- धन्यवाद और जवाब न दे पाने के लिए माफ करना। आपकी चिंता सच में बहुत मायने रखती है।
मैं सुरक्षित हूं और मैं आपको भरोसा दिलाती हूं कि अधिकारी सभी को सुरक्षित रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। घबराने की कोई बात नहीं है। यकीनन, दुबई दुनिया की सबसे सुरक्षित जगह है।”
उम्मीद है जल्द घर पहुंच जाऊंगी: ईशा
ईशा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “जो लोग लगातार मेरा हालचाल पूछ रहे हैं और मैसेज कर रहे हैं, उनसे माफी चाहती हूं कि मैं जवाब नहीं दे पा रही हूं। हम ठीक हैं, सुरक्षित हैं। समय डरावना है, बहुत कठिन है। भगवान हमारी रक्षा कर रहे हैं। हमें भरोसा है कि यूएई का रक्षा मंत्रालय हमारी सुरक्षा और सुरक्षा उपायों में पूरी कोशिश कर रहा है। जो लोग प्रभावित हुए हैं, जो फंसे हुए हैं, उन सभी के लिए प्रार्थना कर रही हूं। सबसे ऊपर सबकी सुरक्षा हो। उम्मीद है कि जल्द घर पहुंच जाऊंगी।”
नरगिस फाखरी ने लिखी ये बात
नरगिस फाखरी ने शहर में फंसे रहने के दौरान अपनी ‘चिंता’ और ‘बिना नींद’ वाली रातों के बारे में बताया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “यहां 2 दिन बहुत क्रेजी रहे। यह चिंता और भय बना हुआ है, क्योंकि आपको नहीं पता कि आगे क्या होने वाला है। सो भी नहीं पाते, आपका दिमाग हाई अलर्ट पर रहता है। बहुत देर हो चुकी है और मैं पूरी तरह जाग रही हूं।”
यह भी पढ़ें: अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बीच दुबई में फंसे हैं साउथ अभिनेता अजित
साउथ अभिनेता अजित कुमार रेसिंग से जुड़ी कमिटमेंट्स पूरी करने के लिए दुबई में गए थे और अब उनका चेन्नई लौटना थोड़ा मुश्किल हो गया है। दरअसल, एक्टर उड़ानें रद्द होने के कारण वहीं फंसे हुए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें।
