एरिका फर्नांडिस ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ और ‘कसौटी जिंदगी की’ जैसे लोकप्रिय शोज से घर-घर में पहचान बना चुकी हैं। अब वह करीब पांच साल के ब्रेक के बाद टीवी सीरियल ‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ के साथ टीवी पर वापसी कर रही हैं।

एक्ट्रेस ने बताया कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काम को लेकर बनी रहने वाली अनिश्चितता भी उन वजहों में से एक थी, जिसके चलते उन्होंने दुबई का रुख किया और अपना बिजनेस शुरू किया। साल 2023 में उन्होंने सेलेस्टे मीडिया फिल्म प्रोडक्शन नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी लॉन्च की।

यह भी पढ़ें- सुनीता आहुजा ने वापस ली गोविंदा से तलाक की अर्जी, मैनेजर ने किया कंफर्म, बताई फैमिली कोर्ट जाने की असली वजह

पीटीआई से बातचीत के दौरान एरिका ने कहा, ‘मैं इंडस्ट्री से दूर रहने को लेकर कॉन्फिडेंट थी, क्योंकि दुबई में मेरा अपना बिजनेस है। अब मैं वही काम चुन सकती हूं, जो मैं करना चाहती हूं। मैं अब शोज सिर्फ एक्टिंग के अपने प्यार और जुनून की वजह से कर रही हूं।’

एरिका फर्नांडिस ने बताया कि आर्थिक स्थिरता भी उनके लिए एक अहम वजह रही। उन्होंने कहा कि ‘एक्टिंग में हमेशा यह तय नहीं होता कि बचत के सहारे कितने लंबे समय तक गुजारा किया जा सकता है। एक लीडिंग एक्टर को सालों तक हर दिन काम मिले, यह भी जरूरी नहीं है और दो शोज के बीच अक्सर लंबा ब्रेक आ जाता है। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने इन सभी पहलुओं पर गंभीरता से सोचना शुरू किया।’

यह भी पढ़ें- ‘सनी देओल मुस्लिम का रोल करेंगे’, ये सुनते ही पीछे हट गए थे इन्वेस्टर्स, डायरेक्टर ने बताई पूरी कहानी

एरिका ने यह भी बताया कि टीवी से ब्रेक लेने की एक वजह टाइपकास्ट होने से बचना थी। वह एक जैसे किरदारों में बंधकर नहीं रहना चाहती थीं। उनके मुताबिक, ब्रेक के दौरान उन्हें जो भी प्रोजेक्ट ऑफर हो रहे थे, उनमें ज्यादातर किरदार एक ही तरह के थे।

अब एक्ट्रेस ‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ से एक बार फिर टीवी की दुनिया में वापसी कर रही हैं। वह शो में डॉ. मेजर नैना के रोल में दिखाई देंगी।