बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘गनमास्टर G9’ की शूटिंग कर रहे हैं। इसी बीच फिल्म के सेट से एक हादसे का वीडियो सामने आया है। जिसमें एक सीन की शूटिंग में कार पलट गई और इमरान हाशमी बाल-बाल बचते नजर आए।
ये हादसा फिल्म के क्लाइमैक्स की शूटिंग के दौरान हुआ, जब एक कार हवा में पलटकर नीचे खड़ी वैन पर जा गिरी। इस दौरान इमरान हाशमी भी घटनास्थल के काफी करीब मौजूद थे। कार उनके चेहरे के बेहद पास से गुजरी, लेकिन अभिनेता को चोट नहीं आई।
सेट पर कैसे हुआ हादसा?
ऑनलाइन वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि शूटिंग के दौरान हवा में लटकी एक कार अचानक पलट जाती है और नीचे से गुजर रही वैन में इमरान हाशमी लटके होते हैं। वैन इमरान की गाड़ी से टकराती है। हादसे का असर काफी तेज था और इसमेंअभिनेता को चोट लगने का खतरा था, लेकिन वो सुरक्षित हैं।
SCREEN ने इमरान हाशमी के प्रवक्ता से इस घटना के बारे में संपर्क किया। प्रवक्ता ने पुष्टि की कि फिल्म के क्लाइमैक्स की शूटिंग के दौरान यह हादसा हुआ था। हालांकि, उन्होंने बताया कि इमरान हाशमी बिल्कुल ठीक हैं।
20 साल बाद फिर साथ आए इमरान और आदित्य दत्त
फिल्म ‘गनमास्टर G9’ में इमरान हाशमी और निर्देशक आदित्य दत्त करीब 20 साल बाद साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने साल 2006 में आई फिल्म ‘दिल दिया है’ में साथ काम किया था। वहीं, साल 2005 में आई फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ भी दोनों के करियर की अहम फिल्मों में से एक है। इस फिल्म के गानों से हिमेश रेशमिया को भी खूब पहचान मिली थी।
यह भी पढे़ं: कभी मजदूरी करने के लिए उड़ा था रजनीकांत का मजाक, स्टारडम संभालने में छूटे पसीने, आज हैं सिनेमा के थलाइवा
अब हिमेश रेशमिया भी ‘गनमास्टर G9’ में इमरान और आदित्य के साथ काम कर रहे हैं। यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसका टीजर और कुछ गाने पहले ही रिलीज हो चुके हैं।
पहले भी हो चुके हैं फिल्म के सेट पर हादसे
फिल्मों की शूटिंग के दौरान सितारों को कई बार खतरनाक स्टंट करने पड़ते हैं। कई बार ये स्टंट हादसों में बदल जाते हैं। इमरान हाशमी के साथ हुआ हादसा फिल्मी दुनिया में यह पहला मौका नहीं है, जब शूटिंग के दौरान किसी की जान खतरे में पड़ी हो। इससे पहले भी कई फिल्मों और टीवी सीरियल के सेट पर ऐसे हादसे हो चुके हैं।
मदर इंडिया
फिल्म ‘मदर इंडिया’ की शूटिंग के दौरान सुनील दत्त ने नरगिस की जान बचाई थी। शूटिंग के समय आग लग गई थी और नरगिस उसमें फंस गई थीं। सुनील दत्त ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग में घुसकर उन्हें बचाया। इस घटना के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने शादी कर ली।
कुली
अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘कुली’ का हादसा आज भी लोगों को याद है। फिल्म के एक फाइट सीन की शूटिंग के दौरान पुनीत इस्सर का मुक्का अमिताभ को लगा। इससे वह मेज से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत इतनी खराब थी कि देशभर में उनके ठीक होने के लिए दुआएं की गईं। लंबे इलाज के बाद अमिताभ की जान बच गई और वह दोबारा काम पर लौटे।
कन्नड़ फिल्म मस्थीगुडी
कन्नड़ फिल्म ‘मस्थीगुडी’ की शूटिंग के दौरान एक बेहद दुखद हादसा हुआ। एक सीन के लिए हेलीकॉप्टर से पानी में छलांग लगानी थी। इस दौरान अभिनेता विजय तो बच गए, लेकिन उदय और अनिल नाम के दो कलाकार पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। इस घटना ने फिल्मों में खतरनाक स्टंट के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
आदिपुरुष
प्रभास और सैफ अली खान की फिल्म ‘आदिपुरुष’ के सेट पर भी आग लगने की घटना हुई थी। फिल्म की शूटिंग मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में चल रही थी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण सेट पर आग लग गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी कलाकार या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।
पद्मावत
संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ की शूटिंग के दौरान भी एक दुखद हादसा हुआ था। फिल्म के भव्य सेट पर काम कर रहा एक कर्मचारी ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना ने सेट पर काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।
दबंग 2
सलमान खान की फिल्म ‘दबंग 2’ की शूटिंग के दौरान भी आग लगने की घटना हुई थी। मुंबई के महबूब स्टूडियो में शूटिंग चल रही थी, तभी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। उस समय सलमान खान समेत फिल्म की टीम वहां मौजूद थी। हालांकि, इस घटना में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं आई।
कबीर सिंह
शाहिद कपूर की फिल्म ‘कबीर सिंह’ की शूटिंग के दौरान एक कर्मचारी की जान चली गई थी। उत्तराखंड में शूटिंग के समय एक जनरेटर ऑपरेटर पानी का स्तर जांचने गया था। इसी दौरान उसका मफलर जनरेटर के पंखे में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा फिल्म की शूटिंग से जुड़ी सबसे दुखद घटनाओं में शामिल है।
ब्लैक, देवदास और हम दिल दे चुके सनम
संजय लीला भंसाली की फिल्मों के सेट पर भी कई बार आग लगने की घटनाएं हुई हैं। ‘देवदास’, ‘ब्लैक’ और ‘हम दिल दे चुके सनम’ जैसी फिल्मों के सेट पर आग लगने से नुकसान हुआ था। इन फिल्मों के भव्य सेट बनाने में काफी मेहनत और पैसा लगा था, ऐसे में आग की घटनाओं से फिल्म निर्माण पर भी असर पड़ा।
टीपू सुल्तान
संजय खान ‘द स्वोर्ड ऑफ टीपू सुल्तान’ पर बहुत बड़ा हादसा हुआ था। सेट पर आग लगने से 52 लोगों की मौत हुई थी और संजय खान भी लोगों की जान बचाने की कोशिश में 65 फीसदी तक जल गए थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
