बिग बॉस ओटीटी 2 विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव अलग-अलग कारणों से सुर्खियों का हिस्सा रहते हैं। सलमान खान के शो का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने कई अन्य रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया, और ज्यादातर में उनकी मौजूदगी को दर्शकों ने पसंद किया। एल्विश की लव लाइफ अक्सर उनके फैंस के लिए चर्चा का एक बड़ा विषय रही है। फरवरी महीने में हर तरफ प्यार-मोहब्बत की बातें चलती हैं। कुछ सितारे रोमांटिक म्यूजिक वीडियो या प्रोजेक्टस वैलेंटाइन वीक में पेश करते हैं, तो कुछ अपने रिश्तों को सार्वजनिक करने का काम करते हैं। एल्विश यादव की हालिया इंस्टाग्राम स्टोरी ने फैंस को हैरानी में डाल दिया है।

एल्विश ने उस सवाल का जवाब अपनी इंस्टा स्टोरी के जरिए दिया है, जो अक्सर सेलेब्स टालते नजर आते हैं। दरअसल, मामला इश्का का है। वैलेंटाइन वीक से पहले एल्विश यादव ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी से लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। एल्विश के हाथ में जिया शंकर का हाथ है, और इस बात को दावे के साथ कहा जा सकता है, क्योंकि पोस्ट में खुद यूट्यूबर ने जिया को टैग किया है। वहीं, फोटो पर लिखे नोट को पढ़ने के बाद फैंस ने दोनों को कमेंट सेक्शन में बधाईयां देनी शुरू कर दी।

एक्ट्रेस की उंगली में डायमंड रिंग साफतौर पर चमक रही है। इसके साथ, एल्विश ने कैप्शन में लिखा कि मैंने प्यार को दूसरा मौका दिया, और मुझे प्यार मिल गया। एल्विश यादव और जिया शंकर की इस स्टोरी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। बता दें कि दोनों बिग बॉस ओटीटी 2 के कंटेस्टेंट रहे हैं। जहां दोनों के बीच खूब झगड़े देखने को मिले थे। इतना ही नहीं, जिया ने एल्विश को हैंड वॉश वाला पानी तक पिला दिया था, और इस वजह से एक्ट्रेस को होस्ट सलमान से फटकार भी पड़ी थी।

यह भी पढ़ें: अनुराग कश्यप ने एपस्टीन फाइल्स में नाम आने पर तोड़ी चुप्पी, बोले- जिंदगी में कभी बीजिंग नहीं गया

सगाई पक्की या फिर प्रोजेक्ट का प्रमोशन

सवाल खड़ा होता है कि क्या एल्विश यादव और जिया शंकर ने सगाई कर ली है या दोनों की यह स्टोरी किसी अपकमिंग प्रोजेक्ट के प्रमोशन का हिस्सा है। अक्सर ऐसा देखने को मिलता है कि जब सेलेब्स इस तरह की पोस्ट करते हैं, तो वह अपने आने वाले प्रोजेक्ट के बारे में बात कर रहे होते हैं, और लोग उन्हें पर्सनल लाइफ से जोड़कर देखना शुरू कर देते हैं।

गौर करने की बात है कि एल्विश का नाम इससे पहले कई सोशल मीडिया इन्फलुएंसर्स के साथ जुड़ चुका है, और जिया के डेटिंग की अफवाहें भी खूब सुनने को मिली। संभावना है कि यह दोनों का कोई अपकमिंग प्रोजेक्ट हो सकता है, जिसका सच आने वाले समय में खुद पता चल जाएगा।