पिछले कुछ दिनों से स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में हुए ‘₹370 की बिरयानी’ वाले कॉमेंट को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। उनके शो में जिस शख्स ने भद्दा बयान दिया था उसका नाम हिमांशु जांगरा है। इस शो का वीडियो वायरल होते ही उसकी नौकरी चली गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई।

कुशा कपिला, एल्विश यादव और साक्षी शिवदासानी समेत कई सोशल मीडिया हस्तियों ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

दरअसल, प्रणित मोरे के लाइव शो के दौरान हिमांशु जांगरा ने दावा किया था कि एक महिला के लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी खरीदने के बाद उसे बदले में शारीरिक संबंध की उम्मीद थी।

उसने कहा कि जब महिला ने खाना खाने के बाद उसे घर छोड़ने के लिए कहा तो वह हैरान रह गया और बोला, “मैंने कहा था कि 370 रुपये लगे हैं तो उसे वसूल तो करूंगा ही।” इस वीडियो के वायरल होने के बाद विवाद शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें: ‘क्या ये हानिया आमिर हैं’, ईशा रिखी से शादी की अफवाहों के बीच बादशाह ने शेयर की मिस्ट्री गर्ल के साथ तस्वीर, यूजर्स ने किए सिंगर से सवाल

कुशा कपिला ने क्या कहा?

इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस कुशा कपिला ने इंस्टाग्राम पर कई वीडियो शेयर कर कहा कि जिम्मेदारी सिर्फ ऐसा कॉमेंट करने वाले व्यक्ति की नहीं होती। उन्होंने कहा, “जो मेरे दर्शकों के व्यूज हैं, वो सिर्फ व्यूज नहीं हैं? अगर आप उस क्लिप को एडिट करके रील बनाकर पोस्ट कर रहे हैं, तो आप यह नहीं कह सकते कि वो आपके विचारों को नहीं दर्शाती। अगर आप उन व्यूज को बढ़ावा दे रहे हैं, शाबाशी दे रहे हैं, तो आपके भी वही व्यूज हैं।”

एल्विश यादव ने किया ये पोस्ट

एल्विश यादव ने एक्स पर लिखा, “370 रुपये की बिरयानी ने दो चीजें एक्सपोज कर दी। एक आदमी को लगा कंसेंट का MRP होता है। और एक कॉमेडियन को लगा हर असहज चुप्पी को लाफ्टर ट्रैक से बचाया जा सकता है। बिरयानी तो दम पे बनी थी, कॉन्ट्रोवर्सी ईगो पर।”

यह भी पढ़ें: बच्चों के साथ ससुराल छोड़ने पर मजबूर हुईं सपना चौधरी, पति वीर साहू के खिलाफ सबूत लेकर पहुंचीं कोर्ट

खुशबू पाटनी ने जाहिर की नाराजगी

दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने भी प्रणित के शो का वीडियो शेयर करते हुए उनकी कड़ी आलोचना की है। साथ ही लड़कियों को भी आगाह किया कि लड़के कैसी सोच रखते हैं।

इनके अलावा कॉन्टेंट क्रिएटर साक्षी शिवदासानी ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “प्रणित मोरे कह रहे थे कि मेरे दर्शकों के विचार मेरे विचारों को नहीं दर्शाते, लेकिन सर ने इसे क्लिप करके इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया क्योंकि उन्हें यह बहुत ही हास्यास्पद लगा कि एक आदमी जो डेट पर पैसे दे रहा है, वह सोचता है कि उसने एक महिला के साथ सोने का अधिकार खरीद लिया है।”