टीवी की क्वीन एकता कपूर किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। फिल्मों से लेकर सीरियल के जरिए वह लोगों का मनोरंजन करने का काम करती हैं। कई बार उनका नाम विवादों में भी आ चुका है, लेकिन प्रशंसक उनके हर अपकमिंग प्रोजेक्ट का हमेशा इंतजार करते हैं। जितेंद्र की बेटी एकता और बेटे तुषार कपूर ने अभी तक शादी नहीं की। फैंस हमेशा उनसे शादी प्लान के बारे में सवाल करते हैं। इस बीच अब एकता कपूर ने खुद इसका जवाब देते हुए शादी ना करने की वजह का खुलासा किया है।

एकता कपूर के हिट सीरियल नागिन की चर्चा सबसे ज्यादा होती है, लेकिन अब सुर्खियों का हिस्सा उनका हालिया बयान बन गया है। दरअसल, ऊषा काकड़े के पॉडकास्ट Known Unknown में एकता कपूर शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने अपने करियर से लेकर टीवी शोज और कास्टिंग के बारे में खुलकर बात की। इसी दौरान एकता ने अपनी जिंदगी में पहली बार शादी ना करने की वजह पर बड़ा खुलासा किया है। बता दें कि अक्सर लोग उनसे शो से लेकर इवेंट में यही सवाल करते नजर आते हैं। लेकिन वह इसे हंसते हुए सालों से टालती आ रही हैं।

एकता ने ये खुलासा किया उन्होंने और उनके भाई तुषार ने आज तक शादी इस वजह से नहीं कि क्योंकि दोनों ने काम में बिजी रहना सही माना है। टीवी की क्वीन के रूप में मशहूर एकता ने इस बात का खुलासा किया कि जब वो 18 साल की थीं, तब उनके पिता ने कहा था कि जिंदगी में कुछ काम करो। वरना मैं तुम्हारी शादी करवा दूंगा। उनकी वहीं बात एकता के लिए प्रेरणा बन गई, और उन्होंने इससे बचने के लिए काम को चुन लिया। अब एकता का कहना है कि मेरे दिमाग में बस यही बात थी कि मुझे बस काम करना है और किसी रिश्ते के बंधन में नहीं पड़ना है।

सोशल मीडिया पर एकता का यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है। प्रशंसक उनके इस जवाब पर अपनी राय भी लगातार पेश कर रहे हैं। हालांकि, फैंस अभी भी उनकी शादी का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: पिता थे मेगा सुपरस्टार, लेकिन पहचान को तरसे बेटे; ये 3 स्टार किड्स रहे फ्लॉप