श्रद्धा कपूर की नई फिल्म ‘ईठा’ का इंतजार बेसब्री से किया जा रहा है। इस फिल्म में उन्हें एक मशहूर लावणी डांसर ईठा बाई गांवकर के रोल में देखा जाने वाला है। पिक्चर का टीजर कुछ वक्त पहले ही आया था, जिसने चाहनेवालों के मन में उत्साह भरा। अब इसका ट्रेलर रिलीज हो गया है।

ट्रेलर की शुरुआत में आप ईठा बनी श्रद्धा को अलग-अलग लुक्स में नाचते देखते हैं। वो कहती हैं, ‘तुम्हीं ने कहा था न कि देखते हैं क्या टूटता है, मेरा भरोसा या मेरा घमंड। मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था।’ इसके बाद आप उन्हें दुख में देखते हैं। ईठा अपनी नाच-गाने की दुनिया को पीछे छोड़ कहीं जा रही है। उसके साथ काम करने वाली उसकी मंडली उसे रोककर याद दिला रही है कि वो असल में कौन है और किस बात पर विश्वास करती आई है।

यहां से उसके सफर का आगाज होता है। जिंदगी में आई मुश्किलों से हार मानकर भाग रही ईठा एक बार फिर रंगमंच पर आती है और छा जाती है। सच्ची घटना से प्रेरित इस कहानी में आप श्रद्धा कपूर को जबरदस्त अंदाज में देखेंगे। ट्रेलर में ईठा नऊवारी साड़ी पहने एक से बढ़कर एक मंच पर कातिलाना डांस कर रही है। साथ ही ट्रेलर का बैकग्राउंड स्कोर कमाल का है।

जबरदस्त होगी फिल्म

एक लावणी डांसर के पीछे एक महिला की जिंदगी को भी आप देखते हैं। वो सिर्फ एक नर्तकी नहीं, बल्कि एक कभी न हार मानने वाली महिला भी है, जो दर्द और तकलीफ से आगे बढ़कर महाराष्ट्र का चमकता सितारा बनती है। जगमगाती हस्ती बनने के साथ-साथ वो एक शक्तिशाली महिला भी बनाती है, जो लोगों को उनकी जगह याद दिलाना जानती है। साथ ही अपनी संस्कृति का मान रखती है।

‘ईठा’ के ट्रेलर से साफ है कि श्रद्धा कपूर अपने करियर की बेस्ट परफॉरमेंस में से एक इस फिल्म में देने वाली हैं। उनके डांस मूव्स, लुक्स और हावभाव बेहद बढ़िया हैं। पिक्चर में श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अयूब भी नजर आएंगे।

और पढ़ें: 18 की उम्र में हुए गंजे, सालों किया स्ट्रगल, फिर कैसे स्टार ट्रेक ने पैट्रिक स्टीवर्ट को बनाया घर–घर में फेमस

जानकारी के मुताबिक, ईठा बाई गांवकर का किरदार असल जिंदगी की लेजेंडरी लावणी डांस और लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर पर आधारित है। डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर की ये फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसका निर्माण दिनेश विजान ने मैडॉक्स फिल्म्स के बैनर तले किया है। इसका म्यूजिक अजय-अतुल की जोड़ी ने दिया है।