श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म ‘ईथा’ अपने रिलीज से पहले ही विवादों में घिर चुकी है। अभी तक फिल्म का सिर्फ टीजर सामने आया है और फिल्म को लेकर एक कंट्रोवर्सी शुरू हो गई है। लेकिन अब एक्ट्रेस की फिल्म को विठाबाई की बड़ी बेटी ने खुद सपोर्ट किया है। दरअसल, ये फिल्म मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है और फिल्म के टाइटल को लेकर एनसीपी नेता शरद पवार और कलाकार के परिवार ने आपत्ति जताई थी।
उनका कहना था कि फिल्म के टाइटल में विठाबाई का नाम नहीं रखा गया, जबकि यह उनकी जिंदगी पर आधारित है। एनसीपी और परिवार ने मांग करते हुए कहा था कि फिल्म का नाम बदलकर ऐसा रखा जाए, जिससे विठाबाई को उनका उचित सम्मान और पहचान मिल सके।
यह भी पढ़ें- मुंबई की बारिश: अमिताभ बच्चन के 50 करोड़ के बंगले में घुसा पानी, अजय देवगन के ‘शिवशक्ति’ में भी हुआ जलभराव
अब इस मामले में नया मोड़ आया, जब खुद विठाबाई नारायणगांवकर की बड़ी बेटी मंगला बनसोडे करावडीकर ने अपने बयान में कहा कि उन्हें फिल्म के इस नाम से कोई परेशानी नहीं है। इससे पहले खबरें आई थीं कि विठाबाई नारायणगांवकर के बेटे कैलाश और राजेश नारायणगांवकर, साथ ही उनके पोते मोहित नारायणगांवकर, फिल्म के इस टाइटल को लेकर अपनी नाराजगी जता चुके हैं।
75 साल की मंगला बनसोडे करावडीकर, जो विठाबाई नारायणगांवकर की सबसे बड़ी बेटी और मशहूर तमाशा कलाकार और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हैं, उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान साफ किया कि उनके परिवार को फिल्म के टाइटल से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने बताया कि गांवों में कार्यक्रमों के दौरान लोग उनकी मां को प्यार से ‘ईथा’ कहकर बुलाते थे, इसलिए यह नाम पूरी तरह सही है।
उन्होंने कहा, “हमें फिल्म के टाइटल पर कोई आपत्ति नहीं है। मैंने मोहित से बात की है और उनसे इस मामले पर आगे कोई बयान न देने का अनुरोध किया है। उस दौर में जिन गांवों में मेरी मां प्रस्तुति देती थीं, वहां के लोग उन्हें अक्सर ‘ईथा’ कहकर पुकारते थे।”
अपने बयान को पूरा करते हुए विठाबाई की बेटी ने बताया, “मैं सात साल की उम्र से मंच पर प्रस्तुति दे रही हूं और बचपन से लोगों को मेरी मां को ‘ईथा’ कहकर बुलाते हुए सुनती आई हूं। हमें खुशी है कि इस फिल्म के जरिए लोग मेरी मां के बारे में जानेंगे और उनके कला के प्रति समर्पण को भी समझ पाएंगे।”
फिल्म ‘स्त्री’ 2 के बाद एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर फिल्म ‘ईथा’ में नजर आएंगी। फिल्म का पहला लुक और टीजर सामने आ चुका है। कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि ये फिल्म श्रद्धा कपूर के करियर की एक और बड़ी उपलब्धियों में से एक होगी। ये फिल्म महाराष्ट्र की एक दिग्गज तमाशा कलाकार, नर्तिका और गायिका विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की जीवन पर आधारित है। जिन्हें तमाशा सम्राज्ञी के रूप में जाना जाता है। कैसा है फिल्म का टीजर, ये पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
