CineGram: दशहरे के मौके पर जहां भगवान राम और रावण की कहानी एक बार फिर चर्चा में है, वहीं नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि करीब 109 साल पहले भी रामायण की कहानी बड़े पर्दे पर उतारी गई थी? साल 1917 में रिलीज हुई फिल्म ‘लंका दहन’ ने बिना आवाज और आधुनिक तकनीक के दर्शकों का दिल जीत लिया था।

इस फिल्म को दादासाहेब फाल्के ने बनाया था और उनकी इस फिल्म से जुड़े कुछ ऐसे किस्से हैं, जो भारतीय सिनेमा के शुरुआती दौर की याद दिलाते हैं। साल 1917 में जब ‘लंका दहन’ रिलीज हुई, तब फिल्मों में आज की तरह डायलॉग और बैकग्राउंड म्यूजिक नहीं होता था। यह मूक फिल्मों का दौर था। ऐसे में फिल्मकारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी कि बिना बोले दर्शकों तक कहानी और भावनाएं कैसे पहुंचाई जाएं।

दादासाहेब फाल्के ने रामायण के चर्चित प्रसंगों को पर्दे पर उतारकर इस चुनौती का सामना किया। फिल्म में भगवान राम, माता सीता और हनुमान से जुड़े सीन दिखाए गए थे। कहानी और अभिनय के जरिए दर्शकों को घटनाओं से जोड़ने की कोशिश की गई थी। उस समय आधुनिक तकनीक और डिजिटल इफेक्ट्स की सुविधा नहीं थी, ऐसे में फिल्म में लंका दहन जैसे सीन दिखाना अपने आप में एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन दादासाहेब की फिल्म में किसी बात की कोई कमी नहीं महसूस की गई।

यह भी पढ़ें: Ramayana Trailer 2 Review: हिट या फ्लॉप, कैसा है ‘रामायण’ का नया ट्रेलर, राम के रूप में रणबीर कर पाए इंप्रेस?

एक ही अभिनेता ने निभाए राम और सीता के किरदार

‘लंका दहन’ की सबसे दिलचस्प बातों में से एक इसके कलाकारों से जुड़ी है। फिल्म में अभिनेता अण्णा सालुंके ने भगवान राम और माता सीता, दोनों की भूमिकाएं निभाई थीं। उस दौर में फिल्मों में महिलाओं का काम करना वर्जित माना जाता था। इसी वजह से कई फिल्मों में महिला किरदारों को पुरुष कलाकार ही निभाते थे।

अण्णा सालुंके का राम और सीता, दोनों का किरदार निभाना उस दौर की फिल्मों के लिए खास बात थी। इससे पता चलता है कि उस समय कम साधनों के बावजूद फिल्मकार नए-नए प्रयोग करते थे।

लंका जलने का सीन बना था खास आकर्षण

आज दर्शक फिल्मों में आग, धमाके और बड़े युद्ध के सीन वीएफएक्स की मदद से देखते हैं। लेकिन 1917 में फिल्म बनाने वालों के पास ऐसी डिजिटल तकनीक नहीं थी। इसके बावजूद ‘लंका दहन’ में हनुमान की पूंछ में आग लगने और लंका जलने जैसे प्रसंगों को दिखाने की कोशिश की गई थी।

उस समय फिल्म में दिखाए गए दृश्य अपने आप में खास थे। कम साधनों के बावजूद दादासाहेब फाल्के ने रामायण के बड़े प्रसंगों को पर्दे पर दिखाने की कोशिश की थी।
‘लंका दहन’ को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सिनेमाघरों में पहुंचे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के मैजेस्टिक सिनेमा में फिल्म देखने के लिए काफी भीड़ जुटी थी। बताया जाता है कि फिल्म ने शुरुआती दिनों में ही करीब 35 हजार रुपये की कमाई की थी।

फिल्म की कमाई को बोरियों में भरकर पड़ा था ले जाना

बताया जाता है कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल का प्रदर्शन किया था। कई रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया है कि इस फिल्म के टिकट से मिलने वाले सिक्कों को बोरियों में भरकर ले जाना पड़ता था। कहा जाता है कि इसके लिए बैलगाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता था। यह किस्सा बताता है कि मूक फिल्मों के दौर में भी कोई कहानी दर्शकों को कितनी बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक खींच सकती थी।

यह भी पढ़ें: ‘एनिमल’ के रणबीर और ‘टॉक्सिक’ के यश… क्या ‘रामायण’ पर पड़ेगा इमेज का असर?

फिल्म देखते वक्त जूते उतार देते थे दर्शक

‘लंका दहन’ को लेकर एक दिलचस्प किस्सा यह भी बताया जाता है कि जब पर्दे पर भगवान राम दिखाई देते थे, तो कुछ दर्शक श्रद्धा में अपने जूते उतार देते थे। उस समय सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं था, बल्कि धार्मिक कहानियों को देखने और उनसे जुड़ने का एक नया तरीका भी बन रहा था। रामायण जैसे लोकप्रिय प्रसंगों ने फिल्म को दर्शकों से भावनात्मक रूप से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।

109 साल बाद भी क्यों खास है ‘लंका दहन’?

‘लंका दहन’ भारतीय सिमा के उस दौर की याद दिलाती है, जब फिल्मकारों के पास संसाधन कम थे, लेकिन कहानियों को पर्दे पर उतारने का जुनून था। यही वजह है कि यह फिल्म आज भी भारतीय सिनेमा के शुरुआती इतिहास की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाती है।