साउथ इंडियन एक्टर दुलकर सलमान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भूटान से लग्जरी गाड़ियां कथित तौर पर तस्करी करने के मामले में एक्टर दुलकर सलमान की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं, क्योंकि खबर है कि कस्टम्स (प्रिवेंटिव) कमिश्नरेट उनसे फिर से पूछताछ करने की तैयारी कर रहा है।
हालांकि अधिकारियों ने बुधवार, 1 जुलाई को डिपार्टमेंट के कोच्चि ऑफिस में उनसे करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी, लेकिन खबरों के मुताबिक वे उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं थे।
यह मामला ‘ऑपरेशन नुमखोर’ से जुड़ा है, जिसके तहत सितंबर 2025 में दुलकर सलमान के कब्जे से चार लग्जरी वाहनों को जब्त किया गया था। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जांच एजेंसियां उन लोगों का पता लगा रही हैं, जो कथित तौर पर भूटान से लग्जरी कारों को फर्जी रजिस्ट्रेशन के जरिए भारत लाकर टैक्स चोरी कर रहे थे। इसी कार्रवाई के दौरान अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन और अमित चक्कलक्कल के घरों पर भी तलाशी ली गई थी।
यह भी पढ़ें: विदेश में पढ़ाई, नौकरी और एक्टिंग का जुनून…साउथ के वो स्टार किड, जिन्होंने नहीं उठाया पिता के स्टारडम का फायदा
पूछताछ के दौरान दुलकर सलमान ने दावा किया कि उन्होंने सभी वाहन भारत में कानूनी तरीके से खरीदे थे और उन्हें किसी तरह की टैक्स चोरी या अवैध आयात की जानकारी नहीं थी। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार कस्टम्स अधिकारियों को संदेह है कि उनके नाम पर कुछ और लग्जरी वाहन भी पंजीकृत हैं, जिनकी मौजूदा लोकेशन का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
यह भी पढ़ें: ‘लोका चैप्टर 1’ पर कॉन्ट्रोवर्सी: एक डायलॉग पर हुआ विवाद तो दुलकर सलमान के प्रोडक्शन हाउस ने मांगी माफी
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां चेन्नई समेत कई स्थानों पर इन वाहनों की तलाश कर रही हैं। कस्टम्स का मानना है कि मामला पहली नजर में दिखने से अधिक जटिल हो सकता है, इसलिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल मामले में आगे की पूछताछ और जांच जारी है।
