‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त ‘दृश्यम 3’ साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक हैं। इसमें एक बार फिर अजय देवगन, श्रेया सरन और तब्बू की जोड़ी दिखाई देने वाली है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। पहले अक्षय खन्ना भी इसका हिस्सा थे, लेकिन कुछ दिनों पहले खबरें आई कि अक्षय ने शूटिंग शुरू होने से पहले ही फिल्म छोड़ दी। बाद में एक्टर के बाहर होने की अटकलों को प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने कन्फर्म कर दिया था।
सिर्फ इतना ही नहीं, मंगत ने अभिनेता पर कई आरोप भी लगाए थे। अब अक्षय खन्ना के ‘दृश्यम 3’ से बाहर होने के बाद इस मूवी में साउथ के एक अभिनेता की एंट्री हो गई है। यह एक्टर कोई और नहीं बल्कि प्रकाश राज हैं। अभिनेता ने खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए यह जानकारी दी कि उन्होंने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रकाश राज ने बातों ही बातों में यह भी कह दिया कि वह किसी को रिप्लेस नहीं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सऊदी की फिल्म ‘7 डॉग्स’ के ट्रेलर में सलमान खान और संजय दत्त की एंट्री, खुश हुए फैंस
प्रकाश राज ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट
प्रकाश राज ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “इस दिलचस्प फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम 3’ की हिंदी में शूटिंग शुरू कर दी है। एक शानदार टीम और एक शानदार रोल के साथ। मुझे यकीन है कि आपको यह पसंद आएगी। (और हां मैं किसी को रिप्लेस नहीं कर रहा हूं)।”
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अभिनेता इसमें कौन सा रोल प्ले करते हैं। बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब अजय देवगन और प्रकाश राज साथ काम करने वाले हैं। इससे पहले दोनों ने ‘सिंघम’ फ्रेंचाइजी में भी साथ काम किया था। दोनों की जोड़ी लोगों को काफी पसंद आती है।
प्रोड्यूसर ने किए थे खुलासे
बॉलीवुड हंगामा के साथ एक इंटरव्यू के दौरान प्रोड्यूसर पाठक ने कहा, “हमने अक्षय खन्ना के साथ एक एग्रीमेंट साइन किया था। कई बार बातचीत के बाद उनकी फीस तय हो गई थी। उन्होंने जोर दिया कि वह विग पहनना चाहेंगे, लेकिन (डायरेक्टर) अभिषेक पाठक ने उन्हें समझाया कि यह प्रैक्टिकल नहीं होगा, क्योंकि इससे कंटिन्यूटी में दिक्कतें आएंगी और ‘दृश्यम 3’ एक सीक्वल है।
वह उनकी बात समझ गए और उस मांग को छोड़ने के लिए मान गए। हालांकि, उनके आस-पास के लोगों ने उन्हें सलाह दी कि अगर वह विग पहनेंगे तो ज्यादा स्मार्ट दिखेंगे। इसलिए, उन्होंने फिर से वही रिक्वेस्ट की। अभिषेक मान गए और इस बात पर उनसे बात करने के लिए भी तैयार थे। लेकिन फिर उन्होंने हमें बताया कि वह फिल्म का हिस्सा बिल्कुल नहीं बनना चाहते।”
