कालीन भैया के बाद मिर्जापुर वेब सीरीज का सबसे पसंदीदा किरदार अगर कोई रहा है तो वो है दिव्येंदु शर्मा का मुन्ना भैया का किरदार। वेब सीरीज से जब इस किरदार को खत्म कर दिया गया तो उसका असर सीरीज व्यूअरशिप पर दिखाई दिया था। अब एक बार फिर ‘मिर्जापुर द मूवी’ में आपको उसी अंदाज में मुन्ना भैया देखने मिलेंगे। आज 25 जून को ‘मिर्जापुर द मूवी’ का टीजर सामने आया।

इस बार मिर्जापुर की गद्दी के लिए जंग बड़े पर्दे पर दिखाई देगी। फिल्म के बारे में बात करते हुए एक्टर दिव्येंदु शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने ‘मिर्जापुर द मूवी’ को लेकर अपनी राय रखी है। इतना ही नहीं बाकी एक्टर्स के साथ शूटिंग के किस्से भी साझा किए हैं।

यह भी पढ़ें- Prahaar Teaser : ‘कसाब को फांसी तक पहुंचाने वाले वकील की कहानी, राजकुमार राव की ‘प्रहार’ का दमदार टीजर रिलीज

मुन्ना भैया ने ‘मिर्जापुर द मूवी’ पर दिया बयान

वैराइटी इंडिया के साथ बातचीत में दिव्येंदु ने कहा कि ‘जरा मिर्जापुर की दुनिया को बड़े पर्दे पर कल्पना कीजिए। इस बार फिल्म का स्तर, किरदार, एक्शन और डायलॉग, ये सब धमाकेदार होने वाला है। हमें इसकी शूटिंग में काफी मजा आया। मैं कुछ भी बढ़ा चढ़ाकर नहीं कह रहा हूं, लेकिन सच में हमने बहुत मजे किए। ये कम्पलीट मसाला है।’

सीरीज के बाद अब बनी फिल्म

‘मिर्जापुर’ सीरीज के तीन हिट सीजन के बाद अब यह लोकप्रिय क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। इसके टीजर में कालीन भैया और गुड्डू पंडित की झलक के साथ कई चौंकाने वाले सरप्राइज भी देखने को मिले। साथ ही फैंस एक बार फिर से मु्न्ना भैया को देखकर काफी उत्सुक हो गए हैं।

यह भी पढ़ें- Mirzapur The Movie Teaser: कालीन भैया के साथ रवि किशन ने मचाया ‘भौकाल’, नए किरदारों के साथ मिला ढेर सारा सस्पेंस

फिल्म में है शामिल नए किरदार

इसमें सबसे बड़ा सरप्राइज रवि किशन है। सीरीज में वो नहीं थे लेकिन फिल्म में उनका एक अहम किरदार देखने मिल रहा है। उनके अलावा ‘पंचायत’ के सचिव जी यानी कि जितेंद्र कुमार भी इस बार ‘मिर्जापुर द मूवी’ में नजर आ रहे हैं। उन्होंने गुड्डू के भाई बबलू का किरदार निभाया है जो सीरीज में विक्रांत मेसी ने प्ले किया था। कहना गलत नहीं होगा, बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ का वहीं पुराना भौकाल देखने मिलेगा।

गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘मिर्जापुर द मूवी’ में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, रवि किशन, जितेंद्र कुमार और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।