दिव्या दत्ता ने हाल ही में अमिताभ बच्चन की पंक्चुअलिटी और उनके खास अंदाज़ के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि 83 साल की उम्र में भी बिग बी अपने समय के बेहद पाबंद हैं और हर काम समय से पहले करना पसंद करते हैं।
दिव्या ने अपने बुक लॉन्च का एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए कहा कि उन्हें बताया गया था कि अमिताभ बच्चन शाम 7:30 बजे पहुंचेंगे। उस समय वह अपना फोटोशूट करवा रही थीं। करीब 7:20 बजे उन्होंने देखा कि उनके सामने एक लंबी शख्सियत खड़ी है- वह खुद अमिताभ बच्चन थे।
दिव्या ने बताया- वह तय समय से पहले ही पहुंच गए थे। दिव्या इस बात से हैरान रह गईं। उन्होंने बताया कि बिग बी ने उनसे कहा, ”आप आराम से अपना समय लें, मैं थोड़ा जल्दी आ गया हूं।” इस व्यवहार से दिव्या काफी प्रभावित हुईं और उन्होंने उन्हें बेहद विनम्र और ग्रेसफुल बताया।
दिव्या दत्ता ने अमिताभ बच्चन की एक और खास आदत का जिक्र किया- वह अपने करीबियों को जन्मदिन पर रात 12 बजे ठीक समय पर बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हर साल बिग बी से ठीक 12 बजे बर्थडे विश मिलता है। दिव्या के मुताबिक, ”आज के समय में कितने लोग ऐसा करते हैं? वह हर किसी को खास महसूस कराने का हुनर रखते हैं और यही बात उन्हें सबसे अलग बनाती है।”
बागबान के दौरान बदल गया था दिव्या दत्ता का रवैया
इसके अलावा दिव्या ने फिल्म ‘बागबान’ के दौरान का एक अनुभव भी साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे अमिताभ बच्चन ने उनकी मदद की थी। उन्होंने कहा कि फिल्म की शुरुआत में वह बहुत उत्साहित रहती थीं और हर दिन उन्हें ‘गुड मॉर्निंग’ कहती थीं, क्योंकि उनके साथ काम करना उनके लिए एक सपना था। लेकिन जैसे-जैसे उनके किरदार का नकारात्मक पक्ष बढ़ता गया, उनका व्यवहार भी थोड़ा बदलने लगा और उन्होंने बिग बी को उतनी गर्मजोशी से ग्रीट करना कम कर दिया।
अमिताभ बच्चन ने इस बदलाव को नोटिस किया और उनसे इस बारे में बात की। दिव्या ने बताया कि उन्होंने उन्हें समझाया कि वह सिर्फ अपने किरदार के संवाद बोल रही हैं, असल जिंदगी में ऐसा महसूस करने की जरूरत नहीं है।
अमिताभ बच्चन ने उनका हौसला बढ़ाया, उन्हें सहज महसूस कराया और यहां तक कि उन्हें खाने के जरिए भी खुश करने की कोशिश की। इसके बाद दिव्या फिर से सामान्य और खुश महसूस करने लगीं।
दिव्या दत्ता के इन अनुभवों से यह साफ होता है कि अमिताभ बच्चन न सिर्फ एक महान अभिनेता हैं, बल्कि एक बेहद संवेदनशील और दूसरों को खास महसूस कराने वाले इंसान भी हैं।
20वीं सालगिरह को यादगार बनाने की तैयारी, ऐश्वर्या के लिए कुछ खास करेंगे अभिषेक बच्चन
