टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों कैंसर ट्रीटमेंट के बाद रिकवरी के दौर से गुजर रही हैं। पिछले महीने सर्जरी के जरिए उनके शरीर से एक सिस्ट हटाया गया था, जो कैंसर ट्रीटमेंट के दौरान हुआ था। उनके पति शोएब इब्राहिम लगातार अपने व्लॉग के जरिए फैंस को उनकी सेहत की अपडेट दे रहे हैं। हाल ही में शोएब ने बताया थाकि फिलहाल दीपिका घर पर हैं और आराम, सख्त डाइट और लाइफस्टाइल में बदलाव के जरिए खुद को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही हैं।
शोएब ने यह भी बताया कि उनकी टारगेटेड थेरेपी फिलहाल रोक दी गई है और जल्द ही इम्यूनोथेरेपी शुरू की जाएगी। अब खुद दीपिका ने भी अपनी सेहत को लेकर खुलकर बात की है। अपने लेटेस्ट व्लॉग में दीपिका ने बताया कि उन्हें भूख कम लगती है और उन्हें एक सख्त डाइट फॉलो करनी पड़ रही है। लंबे समय बाद उन्होंने एक रेसिपी व्लॉग शूट किया, जिसमें उनके मूड में बदलाव साफ नजर आया।
दीपिका ने कहा, “मुझे पता है कि आराम करना जरूरी है। कुछ दिन ऐसे होते हैं जब इतनी थकान होती है कि मैं हिल भी नहीं पाती। कई बार मानसिक रूप से भी सही फील नहीं करती, तब कुछ करने का मन नहीं करता। लेकिन जिन दिनों मैं ठीक होती हूं, उन चीजों को करती हूं जो मुझे खुश करती हैं। जब तक आप मानसिक रूप से खुश नहीं रहेंगे, तब तक लड़ नहीं पाएंगे।”
यह भी पढ़ें: ‘बॉलीवुड पर लगाम लगानी पड़ेगी’, नोरा फतेही के ‘सरके चुनर’ गाने पर कंगना रनौत की तीखी प्रतिक्रिया
हाल ही में शोएब के व्लॉग में दीपिका काफी भावुक नजर आईं। शोएब ने बताया कि अब उनका रूटीन पूरी तरह बदल गया है, वह सुबह 7 बजे उठती हैं, वॉक पर जाती हैं और शाम 7 बजे के बाद कुछ नहीं खातीं।
उन्होंने कहा, “जब आप ऐसी स्थिति से गुजरते हैं तो खाली बैठना आपको डिप्रेस कर सकता है। मैं उन्हें बार-बार कहता हूं कि खुद को ज्यादा थकाएं नहीं। सर्जरी के बाद पहली बार उनके कुछ जरूरी टेस्ट होने वाले हैं, इसलिए वह डर के कारण इमोशनल हो जाती हैं।”
दीपिका ने भी अपने डर को जाहिर करते हुए कहा, “मैं अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई हूं। पिछली बार के बाद मन में डर बैठ गया है। मैं हमेशा दुआ करती हूं कि सब ठीक रहे, लेकिन जो होना है, वो होकर ही रहेगा।”
बता दें कि दीपिका कक्कड़ को 2025 में स्टेज 2 लिवर कैंसर डायग्नोज हुआ था। उनकी सर्जरी के दौरान टेनिस बॉल के आकार का ट्यूमर हटाया गया और करीब 22% लिवर भी निकालना पड़ा। दीपिका इस समय शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक तौर पर भी खुद को मजबूत बनाने की कोशिश कर रही हैं। उनकी यह जर्नी कई लोगों के लिए हिम्मत और उम्मीद की मिसाल बन रही है।
यह भी पढ़ें: ‘डायरेक्टर को कॉन्ट्रोवर्सी चाहिए थी’, नोरा फतेही पर फिल्माए डबल मीनिंग गाने पर गीतकार ने तोड़ी चुप्पी
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई चिकित्सा संबंधी जानकारी व्यक्तिगत अनुभवों पर आधारित है और इसे पेशेवर सलाह नहीं माना जाना चाहिए। शल्य चिकित्सा संबंधी किसी भी समस्या के लिए हमेशा किसी स्वास्थ्य पेशेवर से परामर्श लें।
