30 अक्टूबर को पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ दिल्ली में अपना ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ शुरू करने के लिए तैयार हैं। दिलजीत दोसांझ दिल्ली में हैं, और कल राष्ट्रीय राजधानी से अपना ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ शुरू करने वाले हैं। उन्हें देखने का इंतजार फैंस भी बेसब्री से कर रहे हैं।
दिल्ली में रहने वाला है जाम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले एक एडवाइजरी जारी की है। भीड़ को मैनेज करने के लिए दोपहर 1 बजे से आधी रात तक वेन्यू के आसपास ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लगाए जा सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चूंकि शो में बड़ी भीड़ आने की उम्मीद है, पुलिस ने स्टेडियम के पास 2,000 तक प्राइवेट गार्ड्स के साथ-साथ वाहन प्रतिबंध और अतिरिक्त पार्किंग की सिफारिश की है। इसके चलते दिलजीत दोसांझ ने कॉन्सर्ट में आने वाले फैंस से अपनी गाड़ियों का इस्तेमाल करने के बजाय दिल्ली मेट्रो लेने का आग्रह किया।
दिलजीत दोसांझ ने की दरख्वास्त
एक इंस्टाग्राम वीडियो में दिलजीत ने कहा, ‘हम दिल्ली में हैं, और हमने अपनी रिहर्सल पूरी कर ली है। दिल्ली पुलिस ने मुझसे आप सभी से एक रिक्वेस्ट करने के लिए कहा है। हमारे शो के लिए दिल्ली मेट्रो आधी रात तक खुली रहेगी। वेन्यू, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पार्किंग की सुविधा नहीं है, इसलिए आप वहां पार्क नहीं कर पाएंगे। बेहतर होगा कि आप मेट्रो लें, क्योंकि स्टेशन स्टेडियम के बहुत करीब है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘आप बस मेट्रो से बाहर निकल सकते हैं, वेन्यू पर जा सकते हैं, नाच सकते हैं, साथ-साथ गा सकते हैं और थोड़ा भांगड़ा कर सकते हैं, और फिर मेट्रो में वापस जाकर घर जा सकते हैं। यात्रा करने का यह सबसे सुविधाजनक तरीका होगा, और मेट्रो आधी रात तक चालू रहेगी।’
यह भी पढ़ें: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले दिल्ली में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, जानें किन रास्तों पर लग सकता है जाम?
दिल्ली कॉन्सर्ट से दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की शुरुआत होगी। इसके बाद सिंगर 15 नवंबर को इंदौर में, 21 नवंबर को अहमदाबाद में, 27 नवंबर को मुंबई में, 29 नवंबर को बेंगलुरु में और 5 दिसंबर को लखनऊ में परफॉर्म करने वाले हैं। चंडीगढ़ भी टूर लाइन-अप का हिस्सा है, जिसकी तारीख और वेन्यू का ऐलान होना अभी बाकी है।
