इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में दिलजीत दोसांझ ने निरवैर ग्रेवाल का किरदार निभाया है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। अब हाल ही में अभिनेता ने एक इंटरव्यू में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ चीजें शेयर की है। उन्होंने बताया है कि वह एक दशक से भी ज्यादा समय से गॉल ब्लैडर में पथरी की समस्या से जूझ रहे हैं। ‘वोग’ के साथ बात करते हुए दिलजीत ने कहा कि 2015 में डॉक्टरों को उनके गॉल ब्लैडर में पथरी मिली थी, लेकिन उन्होंने सर्जरी न करवाने का फैसला किया।
दिलजीत के गॉल ब्लैडर में 11 या 12 mm की पथरी
अपनी बीमारी का पता चलने के बारे में बताते हुए सिंगर ने कहा, “मेरे गॉल ब्लैडर में 11 या 12 mm की पथरी है। 2015 में मैं डॉक्टर के पास गया था, क्योंकि मेरे पेट में थोड़ा दर्द हो रहा था। जांच के दौरान डॉक्टर ने अपने कुछ छात्रों को भी बुला लिया। वहां चार-पांच छात्र मौजूद थे। डॉक्टर ने उनसे कहा कि ये पेट दर्द की शिकायत लेकर आए हैं, लेकिन यहां सब ठीक है। असली बात तो यह है…’ और फिर उन्होंने मेरे गॉल ब्लैडर की तरफ इशारा किया। यह सुनकर मैंने डॉक्टर से पूछा कि ये क्या है।”
यह भी पढ़ें: ‘आप आए क्यों?’, Lock Upp में कंगना रनौत ने राम कपूर के गेम को बताया ‘फूहड़’
दिलजीत ने आगे बताया कि पथरी का पता चलने के बाद डॉक्टर ने उन्हें क्या सलाह दी। सिंगर ने कहा, “फिर उन्होंने मुझसे कहा कि आपके गॉल ब्लैडर में पथरी है। मैंने कहा कि ठीक है, तो मुझे क्या करना चाहिए। डॉक्टर ने कहा कि आपको ऑपरेशन करवाना होगा। तब मेरे एक दोस्त ने कहा कि अगर इससे कोई परेशानी नहीं हो रही है, तो ऑपरेशन क्यों करवाना चाहते हैं।
2015 से लेकर 2026 तक मैंने ऑपरेशन नहीं करवाया। उस चीज से मुझे कोई परेशानी नहीं हो रही है। मुझे लगता है कि वह चीज चली गई है। लेकिन सावधानी के तौर पर मैं दवाई के साथ ट्रेवल करता हूं, लेकिन मैं इसका इस्तेमाल नहीं करता। मैंने अपने परिवार, अपने दोस्तों को नहीं बताया। मैंने किसी को नहीं बताया।”
लोग कहते हैं कि मैं इलुमिनाटी हूं: दिलजीत
इसी बातचीत के दौरान एक्टर ने अपने खास मजाकिया अंदाज में अपने फ्लिप फोन के बारे में भी बात की। उन्होंने मजाक में कहा, “यह मेरी टेक्नोलॉजी है, मेरा बहुत खास फोन है। जब भी इलुमिनाटी या एलियंस मुझे कॉल करते हैं, तो वे इसी फोन पर करते हैं। कुछ लोग कहते हैं कि मैं इलुमिनाटी हूं।”
इससे पहले दिलजीत दोसांझ ने अपने बचपन की गरीबी और उससे मिली सीख के बारे में भी बात की थी। टॉम पावर के शो Q में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और इलाज कराने के लिए भी पैसे नहीं होते थे। इसी वजह से उन्हें कम उम्र में ही पैसों की अहमियत समझ आ गई थी।
दिलजीत ने कहा, “मैं एक गरीब परिवार से आता हूं। हमारे घर की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। अगर आप बीमार पड़ जाते थे, तो डॉक्टर के पास जाने के लिए भी पैसे नहीं होते थे। इसलिए लगता था कि बीमार ही मत पड़ो, क्योंकि इलाज कराने के पैसे नहीं हैं।” उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों ने उन्हें बचपन में ही यह सिखा दिया था कि जिंदगी में पैसे कमाना और आर्थिक रूप से मजबूत होना कितना जरूरी है।
