हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री दीया मिर्जा के एक वीडियो को लेकर विवाद हो गया है। उन्होंने दिवाली के दौरान वायु प्रदूषण न फैलाने को लेकर वीडियो बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की ओर से वीडियो जारी किया था, जिसे भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति के बाद सोशल मीडिया से हटा दिया गया। अब दीया ने इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं।
दरअसल बीएमसी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया गया था। जिसमें दीया मिर्जा मुंबई के लोगों से दिवाली के दौरान प्रदूषण कम करने की अपील कर रही थीं। उन्होंने कहा था कि त्योहार के दौरान जरूरत से ज्यादा पटाखे जलाने से बचना चाहिए, ताकि शहर की हवा को प्रदूषित होने से रोका जा सके। बता दें कि मुंबई के बांद्रा रिक्लेमेशन इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 131 दर्ज किया गया है, जिसे अस्वस्थ श्रेणी में माना जाता है।
दीया के वीडियो के साथ बीएमसी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “माननीय बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसी संबंध में अभिनेत्री दीया मिर्जा ने नागरिकों से पटाखे न जलाने और ध्वनि प्रदूषण से बचने की अपील की है।”
बीजेपी नेता ने जताई आपत्ति
इसके बाद बीजेपी के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर वीडियो को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “हमें दीया मिर्जा से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि दिवाली कैसे मनाई जाए। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं।” साटम की इस प्रतिक्रिया के कुछ ही समय बाद बीएमसी ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल से हटा दिया।
हैरानी की बात यह है कि बीएमसी के इसी अभियान के तहत दूसरे सितारों ने भी लोगों से पटाखे न जलाने और प्रदूषण कम करने की अपील की थी। उनके वीडियो अब भी बीएमसी के सोशल मीडिया अकाउंट पर मौजूद हैं। इनमें अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे शामिल हैं। हालांकि, बीएमसी ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि केवल दीया मिर्जा का वीडियो ही क्यों हटाया गया।
दीया मिर्जा ने वीडियो हटाए जाने पर क्या कहा?
दीया मिर्जा ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और निराशा पर उम्मीद की जीत का त्योहार है। उन्होंने यह वीडियो लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ व जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया था।
अभिनेत्री ने कहा, “वायु प्रदूषण सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा है। इसे कम करने की दिशा में किया गया हर प्रयास हम सभी के लिए बेहतर पर्यावरण बनाने की दिशा में एक कदम है।”
अमित साटम की ओर से वीडियो हटाने की मांग पर दीया ने सवाल उठाते हुए कहा, “आखिर कोई ऐसे वीडियो की आलोचना क्यों करेगा, जिसे माननीय बॉम्बे हाई कोर्ट और बीएमसी ने मुझसे जनहित में रिकॉर्ड करवाया था? वायु प्रदूषण चिंता का विषय है और इसे कम करने के सभी प्रयासों का स्वागत किया जाना चाहिए, क्योंकि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है।”
वारिस पठान ने भी अमित साटम पर उठाए सवाल
इस पूरे विवाद में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने भी अमित साटम को घेरा है। उन्होंने सवाल किया कि जब माधुरी दीक्षित और निशिगंधा वाड ने भी बीएमसी की ओर से इसी तरह की अपील की थी, तो सिर्फ दीया मिर्जा को निशाना क्यों बनाया जा रहा है?
वारिस पठान ने एक्स पर लिखा, “अमित साटम जी, सिर्फ दीया मिर्जा को निशाना क्यों बनाया जा रहा है, जबकि माधुरी दीक्षित और निशिगंधा वाड ने भी बीएमसी की ओर से बिल्कुल यही अपील की थी। अपील भी एक जैसी, हाई कोर्ट का निर्देश भी एक जैसा, लेकिन प्रतिक्रिया अलग-अलग? यह परंपराओं की रक्षा करना नहीं, बल्कि चुनिंदा नाराजगी और दोहरे मापदंड को दिखाता है। आखिर दीया मिर्जा ही आपके निशाने पर क्यों हैं? क्या इसलिए क्योंकि उनका नाम दीया मिर्जा है?”
