पंजाबी और बॉलीवुड फिल्मों में कई गानों को अपनी आवाज दे चुकीं गायिका जैस्मिन सैंडलस फिलहाल ब्लॉकबस्टर मूवी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में अपने गानों की सफलता का आनंद ले रही हैं। अब हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू भी दिया है, जिसमें उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात की है। जैस्मिन ने बताया कि एक समय ऐसा था जब वह शराब की लत से जूझ रही थीं।
रणवीर इलाहबादिया के पॉडकास्ट में बात करते हुए जैस्मिन ने बताया कि बचपन में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उस समय वह एक सिंगर के रूप में पॉपुलर हो रही थीं, लेकिन कुछ समस्याएं ऐसी थीं जो खत्म नहीं हुईं।
यह भी पढ़ें: ‘2-3 बजे उठ जाती थी’, जब ब्रेकअप के बाद कई महीनों तक कल्कि कोचलिन को नहीं आई नींद, बोलीं- गिटार बजाने…
जैस्मिन सैंडलस ने किया संघर्ष
जैस्मिन ने बताया, “मैंने बहुत संघर्ष किया। मुझे लगता है कि बड़े होते हुए, मैंने अपनी जिंदगी में कुछ ऐसे दौर देखे, जहां मुझे खुद ही चीजों को समझना पड़ा। वह आसान नहीं था। जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। यह माता-पिता के लिए भी मुश्किल होता है और बच्चों के लिए भी।”
जैस्मिन ने आगे कहा कि बच्चों को सही मार्गदर्शन और प्यार की जरूरत होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि माता-पिता अपने बच्चों के साथ इतने सख्त क्यों होते हैं। सिंगर ने आगे कहा, “जब जिंदगी में मुश्किलें आती हैं, तब इंसान सहारे की तलाश करता है। मैं मानती हूं कि उन 2-3 सालों में जब मैं शराब पी रही थी, मैंने कुछ गलत फैसले लिए, जिनका मुझे अफसोस है।
उस समय मेरी जिंदगी में बहुत कुछ एक साथ हो रहा था। एक तरफ मैं मशहूर थी, दूसरी तरफ अंदर से परेशान थी, परिवार बिखर गया था, मेरे पिता नहीं रहे थे और मैं सफल भी थी। मैंने जरूरत से ज्यादा शराब पी, जिसका मुझे पछतावा है, लेकिन उस समय मुझे यही सही लगा।”
माता-पिता ने तोड़ा जैस्मिन का दिल
जैस्मिन सैंडलस ने यह भी बताया कि बचपन में उन्हें अपने माता-पिता से कई बार दिल टूटने का दर्द मिला। सिंगर ने कहा, “उन्होंने अनजाने में कई बार मेरा दिल तोड़ा, इसलिए मन में थोड़ी नाराजगी रही। मैं उनसे प्यार करती हूं, लेकिन जब एक बच्चे का दिल टूटता है, तो वह पूरी तरह नहीं भरता। जब आपके पास कोई सुरक्षित जगह नहीं होती, तो आप हर जगह अपना घर ढूंढने लगते हैं। मैंने पूरी जिंदगी यही किया।”
बता दें कि जैस्मिन सैंडलस का जन्म जालंधर में हुआ था और उनकी परवरिश कैलिफ़ोर्निया में हुई। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में गाने मुस्कान से की। साल 2014 में उन्हें बड़ी पहचान मिली, जब उन्होंने सलमान खान की फिल्म ‘किक’ के लिए ‘यार न मिले’ गाया और लिखा।
यह भी पढ़ें: दुनियाभर में 100 करोड़ कमाने के करीब अक्षय कुमार की फिल्म, भारत में आंकड़ा 50 करोड़ के पार
