भारत और कई विदेशी बाजारों में बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ने के बाद रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल और आर माधवन स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ को जापान के सिनेमाघरों में 10 जुलाई को रिलीज किया गया। वहां ‘ऑपरेशन धुरंधर’ के नाम से रिलीज हुई इस मूवी को उम्मीद के मुताबिक, दर्शक नहीं मिले। सिर्फ इतना ही नहीं, बड़े स्तर पर रिलीज और जोरदार प्रमोशन के बावजूद फिल्म देखने पहले दिन 900 से भी कम दर्शक सिनेमाघरों तक आए।
पहले दिन बिके 900 से कम टिकट
यह फिल्म जापान में लोकल डिस्ट्रीब्यूटर ‘ट्विन’ के जरिए लगभग 80 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई। ट्रेड रिपोर्ट्स और जापानी बॉक्स ऑफिस ट्रैकर ‘मिमोरिन’ के डेटा के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक 57 जगहों पर चल रही ‘धुरंधर’ के 449 टिकट बिके थे। हालांकि, बाद में इसे लगभग 80 जगहों पर दिखाया गया, लेकिन शाम तक दर्शकों की संख्या में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: अयोध्या के बाद रणबीर कपूर ने पुणे में खरीदी 25 एकड़ जमीन, किया 16.42 करोड़ रुपये का निवेश
फिल्म की ओपनिंग वाले दिन 900 से भी कम टिकट बिके, जिससे यह जापान की रोजाना टॉप 25 बॉक्स ऑफिस रैंकिंग में जगह नहीं बना पाई। ओपनिंग वीकेंड पर भी यह चार्ट में जगह बनाने में नाकाम रही। यह धीमी शुरुआत उस समय हुई जब फिल्म के लिए जापानी दर्शकों को ध्यान में रखकर खास प्रमोशनल कैंपेन चलाया गया था। रिलीज से पहले रणवीर सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी कर ‘धुरंधर’ को अब तक की सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बताया था। प्रमोशन में फिल्म की जासूसी और थ्रिलर कहानी को प्रमुखता से दिखाया गया था।
डब वर्जन नहीं होने का असर?
फिल्म को जापान में डब वर्जन की बजाय जापानी सबटाइटल्स के साथ रिलीज किया गया। कमजोर शुरुआत की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ जापानी दर्शकों का कहना था कि डब वर्जन नहीं होने से फिल्म की पहुंच प्रभावित हुई हो सकती है।
इस कमजोर शुरुआत के कारण ‘धुरंधर’ जापान में सबसे बड़ी ओपनिंग हासिल करने वाली भारतीय फिल्मों की टॉप-10 सूची में भी जगह नहीं बना सकी। इस सूची में शामिल होने के लिए फिल्म को सलमान खान की ‘टाइगर 3’ के 1,300 पहले दिन के दर्शकों का आंकड़ा पार करना जरूरी था।
फिलहाल जापान में सबसे बड़ी भारतीय ओपनिंग का रिकॉर्ड ‘RRR’ के नाम है, जिसे पहले दिन 8,230 दर्शक मिले थे। इसके बाद ‘साहो’ (6,510), ‘कल्कि 2898 AD’ (3,700), ‘पठान’ (2,220), ‘सलार’ (2,200), ‘जवान’ (1,960), ‘रंगस्थलम’ (1,610), ‘देवरा’ (1,550), ‘बाहुबली 2’ (1,380) और ‘टाइगर 3’ (1,300) का नाम शामिल है।
