बुधवार 4 मार्च को, फिल्म ‘टॉक्सिक’ के निर्माताओं ने घोषणा की कि वे अपनी फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ा रहे हैं क्योंकि अमेरिका-ईरान तनाव के कारण मध्य पूर्व में इसकी रिलीज को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसलिए, यश अभिनीत यह फिल्म रणवीर सिंह अभिनीत ‘धुरंधर 2’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर नहीं टकराएगी। अब इसकी नई रिलीज डेट सामने आ चुकी है, ये फिल्म अब 4 जून, 2026 को रिलीज होगी। पहले दोनों ही फिल्में 19 मार्च को रिलीज हो रही थीं, हालांकि ‘धुरंधर 2’ अब भी अपनी निर्धारित डेट पर ही रिलीज हो रही है। ऐसे में रणवीर सिंह स्टारर को करोड़ों का फायदा हो सकता है।

अब दर्शकों के लिए चुनना हुआ आसान

अगर दोनों फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में आतीं, तो न सिर्फ स्क्रीन आपस में बंट जातीं बल्कि दर्शक भी इस उलझन में पड़ जाते कि आखिर किस फिल्म को देखें। भारत में करीब 10,000 सिनेमाघर स्क्रीन हैं, ऐसे में अगर ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ साथ रिलीज होतीं तो दोनों को लगभग 4500 से 5000 स्क्रीन ही मिल पातीं।

लेकिन ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट आगे बढ़ने के बाद अब ‘धुरंधर 2’ के लिए रास्ता काफी आसान हो गया है। माना जा रहा है कि फिल्म को देशभर में करीब 6000 स्क्रीन मिल सकती हैं। जाहिर है, ज्यादा स्क्रीन मिलने का सीधा असर फिल्म की कमाई पर पड़ेगा और बॉक्स ऑफिस पर बेहतर कलेक्शन की उम्मीद भी बढ़ जाएगी।

यह भी पढ़ें: Toxic Release Date Postponed: ‘धुरंधर 2’ से नहीं होगा ‘टॉक्सिक’ का क्लैश, यश की फिल्म को मिली नई रिलीज डेट

दोनों फिल्मों का रनटाइम है ज्यादा

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ 3 घंटे 55 मिनट लंबी है, वहीं ‘टॉक्सिक’ का रनटाइम भी 3 घंटे 21 मिनट लंबा है। ऐसे में कहानी और डायरेक्शन पर बड़ी जिम्मेदारी आ जाती है। अगर दर्शकों को कोई भी कमी नजर आती है तो इतने लंबे समय तक उनको सीट से बांधे रखना मुश्किल हो सकता है।

‘टॉक्सिक’ के पोस्टपोन होने से ‘धुरंधर 2’ को होगा फायदा

यश और रणवीर सिंह दोनों ही अपनी-अपनी इंडस्ट्री के सुपरहिट हीरो हैं। ऐसे में अगर इनकी फिल्में एक साथ रिलीज होती तो बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर हो सकती थी। लेकिन अब ये अलग-अलग महीने रिलीज हो रही हैं तो फिल्मों को तगड़ा फायदा मिल सकता है। ‘धुरंधर 2‘ पहले रिलीज हो रही है तो उम्मीद जताई जा रही है कि इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ‘टॉक्सिक’ से ज्यादा हो सकता है, क्योंकि इसे पहले पार्ट का भी फायदा मिलने वाला है।

‘धुरंधर 2’ के लिए लकी साबित हो सकता है पार्ट 1

26 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में 1,000 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। 1,003 करोड़ की कमाई की। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ने ग्लोबली 1005.85 करोड़ का कुल बिजनेस किया है। साथ ही फिल्म का अंत एक ऐसे मोड़ पर किया गया जिससे दर्शक अगले पार्ट का इंतजार कर रहे हैं। जाहिर है ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग इस फिल्म को देखने जाने वाले हैं।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 vs Toxic Advance Booking: अमेरिका में ‘धुरंधर 2’ का दबदबा, एडवांस बुकिंग में ‘टॉक्सिक’ फिसली

टॉक्सिक को लेकर हुआ विवाद

‘टॉक्सिक’ का टीजर आते ही बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। टीडर में कब्रिस्तान के बाहर खड़ी एक कार में यश को एक लड़की के साथ रोमांस करते हुए दिखाया गया। जिसके बाद वहां खून खराबा भी दिखाया गया। इस सीन में कई धार्मिक मूर्तियां हैं, जिनमें एंजल माइकल की प्रतिमा भी नजर आईं। जिसके बाद मेकर्स पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा। नेशनल क्रिश्चियन फेडरेशन ने फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ-साथ राज्य सरकार के मुख्य सचिव, गृह सचिव और सीबीएफसी के पास भी आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। वहीं कई महिला संगठनों ने भी फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि फिल्म के एक खास सीन के जरिए महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है, इसलिए उन्होंने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई।